BJP के पूर्व सांसद विजय गोयल का फोन बरामद, झपटमार और खरीदार समेत 2 दबोचे

नई दिल्ली
दिल्ली पुलिस ने BJP के पूर्व सांसद विजय गोयल से छीना गया मोबाइल फोन महज कुछ घंटों के अंदर ही बरामद करते हुए झपटमारी के आरोपी युवक समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। झपटमार ने इस फोन को दूसरे व्यक्ति को 2,200 रुपये में बेच दिया था। पुलिस ने बताया कि मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। आरोपी पहले भी चार ऐसे मामलों में शामिल रहा है।  एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि दरियागंज निवासी साजन (22 वर्ष) ने सोमवार शाम को विजय गोयल का फोन उस समय कथित तौर पर छीन लिया था, जब वह सुभाष मार्ग से होकर दरियागंज से लाल किले की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि साजन ने उत्तरी दिल्ली में लाल किले के पास गोयल का फोन कथित तौर पर छीन लिया था और उसे दरियागंज इलाके से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस उपायुक्त (उत्तर) सागर सिंह कलसी ने घटना की जानकारी देते हुए सोमवार को बताया था कि शाम करीब छह बजकर 45 मिनट पर गोयल की कार जब जामा मस्जिद मेट्रो स्टेशन के पास पहुंची तो नीले रंग की कमीज और सफेद टोपी पहने हुए एक शख्स उनकी तरफ आया और उनके हाथ से फोन छीनकर भाग गया।

100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटे खंगाली
पुलिस ने बताया कि उन्होंने मामला दर्ज किया और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिससे उन्हें आरोपी की पहचान करने में मदद मिली और आखिरकार उसे गिरफ्तार कर लिया गया। डीसीपी ने मंगलवार को बताया कि मोबाइल फोन छीनने के बाद आरोपी ने अपने कपड़े बदल लिए थे और वारदात के वक्त उसने जो कपड़े पहन रखे थे, उन्हें भी बरामद कर लिया गया है।

2200 रुपये में बेच दिया था फोन
अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद पूछताछ के दौरान साजन ने पुलिस को बताया कि उसने मोबाइल फोन उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद निवासी मोहम्मद आसिफ (23) को 2,200 रुपये में बेच दिया था। उसकी निशानदेही पर आसिफ को भी गिरफ्तार कर लिया गया। वह एक दुकान में सहायक के तौर पर काम करता है। पुलिस ने बताया कि आसिफ से मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया है। साजन पहले झपटमारी और आर्म्स एक्स संबंधी चार मामलों में शामिल रहा है।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *