एनक्लियर व टेली प्रेक्टिस एप्प के उपयोग के लिए स्कूल शिक्षा विभाग को मिला डिजिटल टेक्नॉलाजी सभा-2022 अवार्ड
रायपुर
छत्तीसगढ़ में शैक्षणिक गतिविधियों को तकनीक के माध्यम से सहज बनाने के लिए राज्य को राष्ट्रीय स्तर पर एक और उपलब्धि हासिल हुई है। इंडियन एक्सप्रेस समूह द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग को डिजिटल टेक्नॉलाजी सभा-2022 अवार्ड से नवाजा गया है। यह अवार्ड स्कूली बच्चों के शैक्षणिक आंकलन के लिए एनआईसी के सहयोग से विकसित एनक्लियर एप्प तथा टेली प्रेक्टिस एप्प के उपयोग लिए दिया गया है। शिक्षा विभाग द्वारा उपयोग में लाए जा रहे उक्त दोनों एप्प के माध्यम से स्कूली बच्चों सहजता से आंकलन एवं मॉनिटरिंग की जा सकती है।
उल्लेखीय है कि कोरोना संकटकाल के दौरान शिक्षा में नवाचार एवं डिजिटल टेक्नॉलाजी के मामले में छत्तीसगढ़ राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग ने पूरे देश में अपनी एक पहचान कायम की है। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कोरोना संकटकाल के दौरान स्कूली बच्चों को घर बैठे शिक्षा उपलब्ध कराने की तकनीक को देश ने सराहा है। पढई तुंहर दुआर को इस हेतु राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार भी प्राप्त हुए हैं। इसी कड़ी में आज स्कूल शिक्षा विभाग को इंडियन एक्सप्रेस समूह द्वारा आयोजित डिजिटल टेक्नॉलाजी सभा अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया। यह अवार्ड राज्य में एक वर्चुअल सम्मेलन में एन.आई.सी. के वरिष्ठ तकनीकी निदेशक श्री. ए.के. सोमशेखर द्वारा उनकी टीम की उपस्थिति में ग्रहण किया गया। यह पूरा कार्य प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा विभाग डॉ. आलोक शुक्ला और सचिव स्कूल शिक्षा विभाग डॉ. कमलप्रीत सिंह के मार्गदर्शन में किया गया है।
