जो गलतियां हुईं उन्‍हें सुधारना होगा, 82 दिन बाद प्रियंका का यूपी रिटर्न, बोलीं-दोगुनी ताकत से लड़ने को हूं तैयार

 लखनऊ
 
विधानसभा चुनाव के बाद पहली बार यूपी आई कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई की और कहा कि हम अच्छा लड़े लेकिन बुरी तरह हारे हैं। बुधवार को पार्टी कार्यालय पर आयोजित यूपी के नव संकल्प शिविर में पहुंचीं प्रियंका ने कहा कि जो गलतियां हुईं उन्हें सुधारना होगा। मैं आपके साथ चलने और दोगुनी ताकत से लड़ने के लिए तैयार हूं।

उन्होंने कहा कि मैं अपना मूल्यांकन करूंगी। विधानसभा चुनाव के उम्मीदवार, जिला व शहर अध्यक्षों, पदाधिकारियों से बात कर के उनका मूल्यांकन करेंगे। प्रियंका गांधी कार्यक्रम में लगभग 45 मिनट रही। उन्होंने कहा कि ये मायूस होने का समय नहीं है। तीन महीने हो गए हैं। हम इस सच्चाई से पीछे नहीं हट सकते कि हम जनता तक पहुंचने से चूक रहे हैं। निराश लोग जा चुके हैं और जो यहां बैठे हैं वो लड़ने वाले हैं। हमने महिलाओं, युवाओं को जोड़ा, सही मुद्दे उठाए, नए प्रस्ताव भी रखे लेकिन जो भी हमने किया वह काफी नहीं था।

कांग्रेस हर घर में पहुंचे
प्रियंका ने कहा कि लोकसभा चुनाव में अभी दो साल हैं और निकाय चुनाव भी हैं, तब तक हमें मजबूती से काम करना होगा। कहीं भी दिक्कत आए, कांग्रेस सबसे पहले वहां पहुंचे। हम इस देश के नौजवान के लिए लड़ रहे हैं, जिसे नौकरी तो नहीं दी जा रही है लेकिन धर्म और जाति के नाम पर गुमराह किया जा रहा है। हमें सौ गुना ज्यादा काम करना पड़ेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *