25 लाख की सनसनीखेज चोरी का भंडाफोड़, पुलिस ने दबोचा दिल्ली का चोर गैंग

ग्वालियर। सुभाष नगर हजीरा में शादी वाले घर से 25 लाख की सनसनीखेज चोरी का भंडाफोड़ हो गया है। वारदात को अंजाम फरियादी के परिचति के इशारे पर दिल्ली की चोर गैंग ने दिया था। पुलिस ने के तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि सरगना माल समेत फरार चल रहा है।

हजीरा थाना पुलिस के मुताबिक सुभाष नगर में रहने वाले पूरन राठौर के घर उनकी बेटी की शादी थी। शादी के दिन पूरन और उनके सामने रहने वाले भाई का परिवार शादी में शामिल होने मैरिज गार्डन में गया था। ऐसे में दोनों मकान पूरी तरह से सूने थे। इस दौरान रात को चोरों की गैंग दोनों घरों का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुई। इसके बाद घर में रखे शादी के जेवर व नगदी समेटकर भाग निकले थे। अलसुबह जब परिवार बेटी की विदाई कर के घर लौटा तो यहां ताले टूटे देख माथा ठनका। उन्होंने तत्काल पुलिस को इत्तला कर दी। मौके पर पुलिस पहुंची और मामले की जांच की। इस दौरान मालूम हुआ कि वारदात को अंजाम देने चोर कार से आए थे। पुलिस ने कार का रंग देख सीसीटीवी कैमरे से पता कर लिया। इसके बाद आसपास के इलाके में लगे कैमरे चेक किए और कार का रूट ट्रैस किया। इस दौरान मालूम पड़ा कि कार मुरैना के रास्ते आगरा होते हुए दिल्ली पहुंची है। पुलिस को समझते देर नहीं लगी कि वारदात दिल्ली की गैंग ने की है। इसके बाद पुलिस ने कार के नंबर के आधार पर उसके मालिक को दबोच लिया। उसने बताया कि उसने अपनी आई-20 कार ओएलक्स के जरिये बेच दी थी। इसके बाद पुलिस ने पड़ताल की और कार खरीदने वाले चोर गिरोह को पकड़ा। फिलहाल तीन आरोपी पुलिस के हाथ लगे है। इनसे वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद हुई है। आरोपियों से चोरी की कुछ नगदी मिली है। जबकि मास्टर माइंड माल समेत फरार है। आशंका है कि वह शादी वाले परिवार में किसी सदस्य की मुखबिरी के बाद ही वारदात करने आया था।

वारदात के पहले बदली नंबर प्लेट
वारदात के पहले चोर गैंग ने अपनी आई-20 कार की नंबर प्लेट बदली थी। वारदात के बाद उन्होंने अपनी प्लेट दोबारा बदली और फिर हाईवे पर निकले। उन्हें शंका थी कि बैरियर पर फास्टैग से उनका नंबर ट्रेस होगा। ऐसे में शहर में आते ही उन्होंने नंबर प्लेट बदल दी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *