जिले के सभी मत्स्य पालकों, मत्स्य बीज उत्पादन, संवर्धन कर्ताओं, मछली पकड़ने वाले मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं के किसान क्रेडिट कार्ड हेतु आवेदन पत्र आमंत्रित
मुरैना
किसान क्रेडिट कार्ड योजना की तर्ज पर ही जिले के सभी मत्स्य पालको, नदी, नालों में मछली पकड़ने वाले मछुआरों, मत्स्य विक्रेताओ को किसान क्रेडिट कार्ड मुहैया कराये जायेंगे।
सहायक संचालक अखिलेश कुमार पांडे ने बताया कि मत्स्य पालको के लिये अधिकतम 2 लाख रूपये प्रति हेक्टेयर, जलाशयों, तालाबों के पट्टा धारक पंजीकृत मछुआ सहकारी संस्थाओं के सदस्यों को अधिकतम 23 हजार रूपये प्रति सदस्य, जलाशयों, तालाबों के पट्टाधारक (100 हैक्टेयर) पंजीकृत मछुआ सहकारी संस्थाओं को अधिकतम 9 लाख रूपये प्रति संस्था के मान से किसान क्रेडिट कार्ड बैंकों के माध्यम से मुहैया कराये जा रहे हैं।
ज्ञातव्य हो कि मत्स्य पालकों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से बैंकों द्वारा अल्प अवधि ऋण की ब्याज दर 4 प्रतिशत एवं सहकारी बैंकों की शून्य ब्याज दर निर्धारित है। साथ ही समय पर ऋण राशि बैंकों को चुकता किये जाने पर यह किसान क्रेडिट कार्ड प्रतिवर्ष पुनः नवीनीकृत किये जाते हैं और इस प्रकार हितग्राही को अपने मत्स्यकीय व्यवसाय की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिये प्रतिवर्ष ऋण राशि आसानी से प्राप्त हो जाती है। मत्स्य पलकों को उन्नत प्रजातियों के मछली बीज, मत्स्य आहार, खाद, दवा आदि इनपुट्स व आवर्ती व्यय के लिये और पंजीकृत मछुआ सहकारी संस्थाओं एवं उनके सदस्यों को नाव-जाल क्रयकरण हेतु किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से आवश्कतानुसार राशि आसानी से उपलब्ध कराई जा रही है।
सहायक संचालक पाण्डेय ने बताया कि अब नदी, नालों से मछली पकड़ने वाले मछुआरों, मत्स्य विक्रेताओं को भी इसी प्रकार से उनके व्यवसाय के लिये किसान क्रेडिट कार्ड मुहैया कराए जाने हेतु भी शासन स्तर पर सहमति बन गयी है। जल्दी ही इसकी स्वीकृति प्राप्त हो जायेगी। संचालनालय मत्स्योधोग द्वारा प्राप्त निर्देशानुसार इन मछुआरों एवं मत्स्य विक्रेताओं से भी किसान क्रेडिट कार्ड के लिये आवेदन प्राप्त कर बैंकों को भेजे जा रहे हैं, ताकि बैंक हितग्राही की जांच और बैंक खाते खोलने की प्रक्रिया पूर्ण कर सकेंगे। शासन से स्वीकृति आदेश प्राप्त होते ही नदी, नालों से मछली पकड़ने वाले मछुओं, मत्स्य विक्रेताओं को भी शीघ्र किसान क्रेडिट कार्ड जारी हो सकेंगे।
जिले के सभी मत्स्य पालकों, मछुआ सहकारी संस्थाओं, उनके समस्त सदस्यों, नदियों से मछली पकड़ने, विक्रय का कार्य करने वाले सभी मछुओं से आग्रह है कि वे शासन की इस योजना का लाभ उठाने के लिये सहायक संचालक मत्स्योधोग कार्यालय स्थित नवीन कलेक्ट्रेट भवन के कक्ष क्रमांक-14 में अपना आवेदन पत्र शीघ्र प्रस्तुत करें। इसके लिये उन्हें अपने मत्स्य कार्य संबंधी व्यवसाय के दस्तावेज, प्रमाण-पत्र के साथ पासपोर्ट साइज के स्वयं के दो फोटो, आधार कार्ड के साथ ही अन्य कोई और भी फ़ोटो परिचय पत्र जैसे कि वोटर कार्ड, अपने बैंक के बचत खाते की पासबुक अवश्य ही साथ में लावें। आवेदन पत्र कार्यालय द्वारा ही तत्काल पूर्ण कराया जायेगा। अधिक जानकारी के लिये सहायक संचालक मत्स्योधोग अखिलेश कुमार पांडे के मोबाइल नम्बर 9826055946 पर सम्पर्क किया जा सकता है।
