पैरालंपिक में अवनि लखेरा ने कांस्य मेडल पर भी किया कब्जा

    टोक्यो

टोक्यो पैरालंपिक में भारत की अवनि लखेरा ने कमाल कर दिखाया है. मौजूदा पैरालंपिक में पहले ही गोल्ड जीत चुकी जयपुर की इस पैरा शूटर ने एक और मेडल पर कब्जा कर लिया है. अब उन्होंने महिलाओं की 50 मीटर राइफल 3 पोजिशन SH1 स्पर्धा में शुक्रवार को कांस्य पदक जीता. वह इस स्पर्धा के फाइनल में 445.9 का स्कोर कर तीसरे स्थान पर रहीं. इन खेलों में देश के पदकों की संख्या 12 तक पहुंच गई है.

इस स्पर्धा में चीन की झांग क्यूपिंग (457.9) और जर्मनी की हिलट्रॉप नताशा (457.1) क्रमशः गोल्ड और सिल्वर जीतने में कामयाब रहीं. क्वालिफिकेश में अवनि लखेरा 1176 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही थीं.

 

इससे पहले 19 साल की अवनि ने महिलाओं के आर-2 10 मीटर एयर राइफल के क्लास एसएच1 में स्वर्ण पदक हासिल किया था, जो पैरालंपिक्स के इतिहास में भारत का शूटिंग में पहला गोल्ड मेडल था.

मौजूदा पैरालंपिक में भारत ने अब तक 12 पदक जीत लिये हैं. भारत के खाते में अब 2 स्वर्ण, 6 रजत और 4 कांस्य पदक हैं. यह पैरालंपिक के इतिहास में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है. रियो पैरालंपिक (2016) में भारत ने 2 स्वर्ण सहित 4 पदक जीते थे.

प्रधानमंत्री मोदी ने बधाई दी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अवनि को बधाई दी है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा – टोक्यो पैरालिंपिक में और अधिक गौरव! अवनि लखेरा के शानदार प्रदर्शन से उत्साहित हूं. उन्हें कांस्य पदक के लिए बधाई. उनके भविष्य के प्रयासों के लिए उन्हें बहुत-बहुत शुभकामनाएं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *