आतंकी लंबू पुलवामा एनकाउंटर में मारा गया,  लेथपोरा हमले में था शामिल

नई दिल्ली
जम्मू कश्मीर के पुलवामा में शनिवार को सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच चली मुठभेड़ में जवानों ने दो आतंकियों को मार गिराया। मारे गए आतंकियों में से एक की पहचान मोहम्मद इस्माल अलवी उर्फ लंबू उर्फ अदनान के तौर पर हुई है, जो आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर का रिश्तेदार है। कश्मीर के आईजीपी विजय कुमार ने बताया कि आतंकी लंबू लेथपोरा हमले की साजिश और प्लानिंग में शामिल था। जिस दिन यह हमला हुआ, लंबू उस दिन तक आतंकी आदिल डार के साथ रहा और आदिल डार के वायरल वीडियो में उसकी आवाज भी थी।
 
वहीं, सुरक्षाबलों के हाथों मारे गए दूसरे आतंकी की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने इस मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षाबलों को नागबेरन-तरसर के जंगलों में कुछ आतंकियों के छिपे होने की सूचना मिली थी, जिसके बाद इलाके को घेरकर तलाशी अभियान चलाया गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान छिपे हुए आंतकियों ने सुरक्षाबलों के ऊपर फायरिंग की, जिसके बाद मुठभेड़ में दो आतंकी मारे गए। फिलहाल फायरिंग जारी है और इलाके में कुछ और आतंकियों के छिपे होने की खबर है।

आतंकियों से एके-47 और एम4 बरामद
आतंकियों के पास से एक एके-47 और एक एम4 गन भी बरामद हुई है। गौरतलब है कि एक दिन पहले ही शुक्रवार को आतंकियों ने बारामूला में ग्रेनेड से हमला किया था, जिसमें सीआरपीएफ के दो जवान और एक पुलिसकर्मी घायल हुए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहीं, हमले के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके को घेर लिया और तलाशी अभियान चलाया।

राजौरी जिल में भी आतंकियों की बड़ी साजिश नाकाम
इसके अलावा शनिवार सुबह सुरक्षाबलों ने आतंकियों की एक और बड़ी साजिश को नाकाम करते हुए राजौरी जिले में हाईवे के पास से आईईडी बरामद की। आईईडी मिलने की सूचना के बाद बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा और इसे डिफ्यूज किया। आईईडी मिलने के बाद सुरक्षाबलों ने इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *