अब दिल्ली में विवादों पर ऐसे लगेगी लगाम, खरीदे दो हाईटेक ड्रोन

 नई दिल्ली 
दिल्ली पुलिस बड़े समारोह के दौरान भीड़ में मौजूद संदिग्धों पर पांच किलोमीटर सिग्नल रेंज वाले अत्याधुनिक ड्रोन के जरिए नजर रखेगी। ये ड्रोन जीपीएस और हाई डाइमेंशन कैमरे से लैस होंगे, जिनसे रियल टाइम इमेज और वीडियो मिल सकेंगे। पुलिस ने फिलहाल दो हाईटेक ड्रोन खरीदे हैं, जिन्हें अगले सप्ताह ही सुरक्षा बेड़े में शामिल कर लिया जाएगा। खुफिया इकाइयों की तरफ से लगातार हवाई हमले की आशंका जाहिर किए जाने के मद्देनजर 15 अगस्त के ठीक पहले विशेष निगरानी के इंतजाम किए जा रहे हैं। 

ड्रोन की खासियत 
दरअसल, अभी तक इस्तेमाल किए जाने वाले ड्रोन की रेंज इतनी अच्छी नहीं होती थी। लेकिन ये ड्रोन पांच किलोमीटर के इलाके में 800 से 1000 हजार मीटर की उंचाई तक उड़ सकते हैं। एक बार की उड़ान में ये 30 मिनट से लेकर एक घंटे तक हवा में रहकर लाइव फीड वीडियो और तस्वीरें भेज सकते हैं। इनके जरिए पांच किलोमीटर के इलाके में नजर रखी जा सकेगी और संदिग्धों की गतिविधियों के फोटो और वीडियो हासिल हो सकेंगे। इसके लिए दस पुलिसकर्मियों को ट्रेनिंग भी दी गई है। 

ये होंगे फायदे
ड्रोन के जरिए संदिग्धों के खिलाफ वीडियोग्राफी के माध्यम से सबूत इकट्ठे कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने में आसानी होगी। दरअसल, कई बार कुछ ऐसी अप्रिय घटना हो जाती है, जिसकी जांच के लिए सिर्फ लोगों के बयान पर ही आश्रित रहना पड़ता है। लेकिन, ड्रोन से मिलने वाले वीडियो फुटेज और तस्वीरें साक्ष्य के रूप में इस्तेमाल हो सकेंगी। इसका यह भी फायदा होगा कि यदि मौके पर पीड़ित के साथ पुलिस का व्यवहार भी ठीक नहीं रहा, तो वह भी नहीं बच सकेगी। वहीं, भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर होने वाली वारदात में शामिल लोगों को भी ट्रैक करने में आसानी होगी। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *