दरभंगा पार्सल ब्लास्ट: एनआईए कोर्ट में हुई सुनवाई, समस्तीपुर रेलवे मजिस्ट्रेट से मांगे दस्तावेज
पटना
दरंभगा रेलवे स्टेशन पर हुए पार्सल बम ब्लास्ट मामले की सुनवाई सोमवार को पटना एनआईए कोर्ट के विशेष न्यायाधीश गुरुविंदर सिंह मलहोत्रा की अदालत में हुई। एनआईए की ओर से उनके वकील ने आवेदन दायर कर अनुरोध किया कि दरभंगा पार्सल बम ब्लास्ट मामले के मूल अभिलेख समस्तीपुर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में हैं।
इस मामले में एनआईए एक प्राथमिकी दर्ज कर अनुसंधान कर रही है। इसलिए समस्तीपुर रेलवे न्यायिक दंडाधिकारी के कोर्ट से इस घटना के मूल अभिलेख को पटना एनआईए कोर्ट में मंगा लिया जाए। इसी आवेदन के आलोक में एनआईए के विशेष न्यायाधीश ने समस्तीपुर रेलवे कोर्ट से मूल अभिलेख की मांग की है।
विदित है कि दरभंगा रेलवे स्टेशन पर 17 जून को एक पार्सल में रखा लिक्विड बम विस्फोट कर गया था। इस विस्फोट में कोई नुकसान नहीं हुआ था। इस कांड की जांच के दौरान पता चला कि पार्सल बम एक कपड़े की गांठ में लपेटकर गुजरात के सिकंदराबाद रेलवे स्टेशन से दरभंगा के लिए पार्सल किया गया था।
