मुख्यमंत्री ने कबीर जयंती पर दी बधाई, रानी दुर्गावती के बलिदान को किया नमन

रायपुर
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने संत कबीर की जयंती जहां प्रदेश वासियों को बधाई दी वहीं गोंडवाना साम्राज्य की रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन किया।

मुख्यमंत्री ने संत कबीर की जयंती अपने बधाई संदेश में कहा कि संत कबीर साहेब का जीवन दर्शन हर युग में प्रासंगिक है। वे सामान्य बोलचाल की भाषा में बड़ी सहजता से गहरी बात कह जाते थे। सरलता से सीधे कही गई उनकी बातें लोगों के दिल में अपनी पैठ बना लेती थी। छत्तीसगढ़ में भी संत कबीर के जीवनदर्शन का लोगों के जन-जीवन पर गहरा प्रभाव रहा है। बघेल ने कहा है कि संत कबीर ने अपने दोहों के माध्यम से भाईचारे, प्रेम, सद्भावना और सामाजिक समानता का संदेश दिया है। उन्होने समाज में फैले आडंबर और जात-पात का सख्त विरोध किया।

अपने दोहों के माध्यम से सामाजिक कुरीतियों पर कठोर प्रहार किया। उन्होंने लोगों को सत्य, अहिंसा, दया, करूणा, परोपकार जैसे मानवीय मूल्यों को अपनाने की प्रेरणा दी। बघेल ने कहा कि संत कबीर के उपदेश हमें हमेशा सही राह दिखाते रहेंगे।

वहीं गोंडवाना साम्राज्य की रानी दुर्गावती के बलिदान दिवस पर उन्हें नमन करते हुए कहा कि रानी दुर्गावती भारत की उन वीरांगनाओं में से एक हैं, जिन्होंने अपने शौर्य और साहस से वीरता एक नई इबारत लिखी। उन्होंने अपने पति की मृत्यु के बाद न सिर्फ गोंडवाना सामाज्य को सम्हाला बल्कि अपनी कुशलता से उसे सम्पन्न भी बनाया। रानी दुर्गावती ने किसी के आगे घुटने नहीं टेके और मातृभूमि एवं आत्मसम्मान की रक्षा के लिए अपने प्राण तक न्यौछावर कर दिए। उनका साहस और बलिदान हमेशा देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *