संभल में 15 साल की लड़की को बंधक बनाकर छह दिन तक गैंगरेप, पुलिस ने थाने से भगाया

 संभल  
अमरोहा के कोतवाली हसनपुर क्षेत्र के एक गांव की 15 वर्षीय नाबालिग किशोरी को चार युवकों ने संभल जिले के बनियाठेर थाना क्षेत्र के गांव में लाकर किसी अज्ञात स्थान पर बंधक बनाकर छह दिन तक सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़ित नाबालिग के भाई ने युवकों के खिलाफ कार्रवाई के लिए डीएम को पत्र दिया तो डीएम ने एसपी को कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

जनपद अमरोहा के कोतवाली हसनपुर अन्तर्गत गांव निवासी युवक ने वन स्टाप सेंटर के जरिये जिलाधिकारी को दिये शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि उसकी 15 वर्षीय नाबालिग बहन को 12 जून को आधी रात उसके गांव के सलमान के साथ ही संभल जिले के थाना बनियाठेर के गांव मोहम्मदपुर काशी निवासी युवक फरमान, मोहम्मद नबी और इमरान बहला-फुसलाकर अपने साथ ले आए थे। वह उसे बनियाठेर थाना के चन्दौसी के समीप स्थित एक गांव में अज्ञात स्थान पर ले गए। उन्होंने नाबालिग को बंधक बनाकर छह दिन तक लगातार उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

 बंद गाड़ी में दूसरे स्थान पर ले जाते समय खुद को बचाने के लिए लड़की ने चीखना-चिल्लाना शुरू किया तो राहगीरों ने गाड़ी रोक कर पीड़िता को युवकों के बंधन से मुक्त कराया। परिजनों ने कार्रवाई को लेकर थाना बनियाठेर पुलिस ने गुहार लगाई, लेकिन बनियाठेर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। अब पीड़िता के भाई ने डीएम संजीव रंजन को पत्र देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। इस पर डीएम ने एसपी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *