महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का पूरे प्रदेश में धरना-प्रदर्शन

रायपुर
पूरे प्रदेश भर में कांग्रेस के नेता-कार्यकर्ता कोविड़ नियम के तहत आज महंगाई के खिलाफ धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कांग्रेस की ओर से केंद्र सरकार के खिलाफ महंगाई को मुद्दा बनाने की कोशिश तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने आज अपने घरों के बाहर धरने पर बैठकर मूल्य वृद्धि का विरोध किया। करीब दो घंटे के इस प्रदर्शन में कांग्रेस के प्रदेश पदाधिकारियों से लेकर बूथ स्तर तक के कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने सिविल लाइंस स्थित बस्तर बाड़ा स्थित अपने आवास के बाहर मंच लगाया। उनके साथ राज्यसभा सांसद छाया वर्मा, प्रभारी महामंत्री संगठन चंद्रशेखर शुक्ला, युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कोको पाढ़ी भी धरने पर बैठे। कांग्रेस नेताओं ने हाथ में तख्तियां ले रखी थीं, जिस पर मूल्य वृद्धि के विरोध में स्लोगन और नारे लिखे हुए थे। रायपुर शहर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष गिरीश दुबे की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकतार्ओं ने कुछ अनोखा किया। कांग्रेस नेताओं ने खाली सिलेंडर रखे, तेल, दाल और दूसरी खाद्य वस्तुओं के पैकेट रखकर पिछले सात साल में बढ़े दाम का अंतर दिखाने की कोशिश की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने थाली बजाकर अपना विरोध जताया। प्रदेश उपाध्यक्ष गिरीश देवांगन की अगुवाई में बैठे कांग्रेस प्रदर्शनकारियों ने अपने सामने ठेले पर बाइक रखकर पेट्रोल मूल्य वृद्धि का विरोध किया। प्रदेश भर में यह प्रदर्शन सुबह 10 बजे से शुरू हुआ।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मोहन मरकाम ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार की गलत आर्थिक नीतियों की वजह से देश की अर्थव्यवस्था अपने सबसे बुरे दौर में है। लोगों का रोजगार छूट रहा है। इसमें भी सरकार डीजल-पेट्रोल और खाद्य वस्तुओं का मूल्य बढ़ाकर अपनी जेब भर रही है। इसकी वजह से लोगों की बचत प्रभावित हो रही है। जनता को गरीबी में ढकेला जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *