बरेली में ब्लैक फंगस का कहर, 12 नए मरीज, एक की मौत
बरेली
बरेली जिले में ब्लैक फंगस के 12 नए मरीज मिले हैं। गुरुवार को 6 मरीज जिला अस्पताल में डाक्टर को दिखाने पहुंचे थे। जांच के बाद उनमें ब्लैक फंगस की पुष्टि हुई। शेष 6 मरीज निजी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज मे भर्ती हैं। अब तक जिले में ब्लैक फंगस के 43 मरीज मिल चुके हैं जिसमें 21 बरेली जिले के रहने वाले हैं।
जिला अस्पताल में ओपीडी में गुरुवार को कई मरीज आंख के पास दर्द की शिकायत लेकर पहुंचे थे। उसमें 6 मरीजों में ब्लैक फंगस होने का संदेह होने पर ईएनटी सर्जन को दिखाया गया। उन्होंने मरीजो की जांच कराई और 6 मरीजों में ब्लैक फंगस होने की पुष्टि की। उन्होंने इसकी रिपोर्ट आईडीएसपी को दी। गुरुवार को आईडीएसपी में 6 अन्य मरीजों में ब्लैक फंगस की पुष्टि होने की रिपोर्ट दी गई। निजी अस्पताल मे भर्ती रहे एक मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई जो गैरजनपद का रहने वाला था। इसकी सूचना संबंधित जिले को भेज दी गई है।
