कांग्रेस के उदयपुर चिंतन : खाली पद भरने की कवायद में जुटी कांग्रेस

भोपाल
कांग्रेस के उदयपुर चिंतन शिविर में तय हुआ था कि दिल्ली से लेकर ब्लॉक तक खाली पड़े हुए पदों को भरा जाए। इस फैसले पर अमल करने में प्रदेश कांग्रेस जुट गई है। पीसीसी ने ब्लॉक तक खाली पड़े हुए पदों की जानकारी मांगी है। इन पदों पर भी आगामी दिनों में नियुक्ति कर दी जाएगी। इससे पहले कांग्रेस में एक व्यक्ति एक पद के फार्मूले पर अमल होना शुरू हो चुका है।

सीधी जिला अध्यक्ष का पद करीब एक साल से खाली था। वहां के जिला अध्यक्ष रुद्र प्रताप सिंह ने एक साल पहले इस्तीफा दे दिया था। अब उनकी जगह पर ज्ञान प्रताप सिंह को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। वहीं खंडवा शहर, खंडवा ग्रामीण, बुरहानपुर शहर और बुरहानपुर ग्रामीण का पद भी पिछले पांच महीने से खाली था। खंडवा लोकसभा चुनाव के बाद इन चारों को पीसीसी चीफ कमलनाथ ने हटा दिया था, लेकिन अब वापस से पुराने ही अध्यक्षों को इन जिलों की कमान दी गई है। वहीं उज्जैन जिला शहर अध्यक्ष के काम-काज से कमलनाथ संतुष्ट नहीं थे, नतीजे में महेश सोनी को हटाकर रवि भदौरिया को यहां पर नियुक्ति किया गया। वही पृथ्वीपुर उपचुनाव में कांग्रेस की हार के बाद यहां से टीकमगढ़ जिला अध्यक्ष महेश यादव को हटाने के प्रयास चल रहे थे। वे पूर्व मंत्री यादवेंद्र प्रताप सिंह के करीबी माने जाते है, अब नवीन साहू को यहां पर नियुक्ति किया गया है। वे नीतेंद्र राठौर के करीबी हैं।

वहीं प्रदेश कांग्रेस ने जिलों और ब्लॉकों से भी कमेटी के महत्वपूर्ण खाली पड़े पदों की जानकारी मांगी है। हालांकि प्रदेश कांग्रेस के पास जो जानकारी हैं, उसके मुताबिक अब सभी पद भरा चुके हैं, लेकिन फिर भी सभी से जानकारी अपडेशन के लिए मांगी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *