गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मिर्ची बाबा ने की मुलाकात

भोपाल
भिंड में कांग्रेस की जनआक्रोश रैली के मंच से मिर्ची बाबा को जबरदस्ती उतारने के बाद वे नाराज हो गए हैं। उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. गोविंद सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस संबंध में उन्होंने आज गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से भी मुलाकात की। गौरतलब है कि हाल ही में मिर्ची बाबा पर मुरैना में हमला भी हुआ था।

मिर्ची बाबा ने आज सुबह गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा से मुलाकात की। इस मुलाकात के बाद उन्होंने मीडिया से चर्चा में कहा कि वे गाय के संरक्षण को लेकर गृह मंत्री से मिले थे। उनसे जब पूछा गया कि बुधवार को आपको भिंड में कांग्रेस के मंच पर चढ़ने नहीं दिया गया था तो वे डॉ. गोविंद सिंह पर भड़क उठे। उन्होंने आरोप लगाया कि डॉ. गोविंद सिंह साधु संतों के साथ दलित और ब्राह्मणों का अपमान कर रहे हैं। मुझे मंच से उतार कर उन्होंने साधु संतों का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि जब तक डॉ.गोविंद सिंह माफी नहीं मांगेंगे तब तक वे कमलनाथ से भी नहीं मिलेंगे।

मिर्ची बाबा की धमकी
मिर्ची बाबा ने नरोत्तम मिश्रा की तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने संत का हमेशा सम्मान किया है। बातचीत में बाबा काफी उत्तेजित हो गए और बउन्होंने सीधे तौर पर कांग्रेस के नेताओं की पोल खोलने की भी धमकी दे डाली। बाबा ने यह भी कहा कि वे ऐसी-ऐसी बातें सामने रखेंगे कि गोविंद सिंह किस तरह से प्रदेश में तानाशाही कर रहे हैं, यह सभी को पता चल जाएगा। मिर्ची बाबा के इस रुख पर कांग्रेस नेताओं की टेंशन बढ़ सकती है। मिर्ची बाबा ने मीडिया से कहा कि गोविंद सिंह पर बाबाओं का अपमान कर रहे हैं। मिर्ची बाबा ने कहा कि शंकराचार्य के बाद महामंडलेश्वर का स्थान होता है और गोविंद सिंह ने जिस तरह उनके साथ दुर्व्यवहार किया है, वह एक दलित का अपमान है।

क्या बोले गृहमंत्री
इधर, इस मामले में गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्र का कहना है कि बाबा उनसे सामान्य रूप से मिलने आए थे, लेकिन कल के घटनाक्रम को लेकर वे काफी आहत भी थे। गृहमंत्री ने सवाल किया कि आखिरकर कांग्रेस साधु-संतों का अपमान क्यों करती है। कमलनाथ को इसका जवाब देना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *