बदमाशों ने दिनदहाड़े मुखिया को मारी गोली, बाइक से उतरकर पूछा- क्या मुखियाजी, सब ठीक है… हवाई फायरिंग करते हुए भागे

 पटना

पटना के जानीपुर में दिनदहाड़े रामपुर-फरीदपुर पंचायत के मुखिया नीरज कुमार उर्फ सुधीर (40) को अपराधियों ने गोलियों से भून डाला। घटना उस वक्त हुई जब मुखिया अपने घर से 50 मीटर की दूरी पर जानीपुर थानांतर्गत फरीदपुर बाजार में स्थित रवींद्र कुमार के मार्केट में बैठे थे। उसी वक्त एक बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने उन्हें सिर और सीने में पांच गोलियां मारीं। घटनास्थल पर ही मुखिया ने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के विरोध करने पर अपराधी हवा में फायरिंग करते हुये भाग निकले। इधर, मुखिया की हत्या से आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस पर पथराव कर दिया। बिहटा-खगौल रोड शिवाला मोड़ के पास लोगों ने घंटों सड़क जाम कर दिया। पुलिस के समझाने के दो घंटे बाद यहां से सड़क जाम हटा। फिर शव के साथ ग्रामीण रामपुर-फरीदपुर मुख्य सड़क पर हंगामा करने लगे।

घंटों सड़क जाम के दौरान एसपी सिटी के साथ आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण जानीपुर के थानेदार को हटाने व अपराधियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। नीरज पूर्व में पंचायत समिति के सदस्य रह चुके हैं। वे पिछले दो बार से पंचायत चुनाव जीत रहे थे। प्रारंभिक जांच में मुखिया की हत्या चुनावी रंजिश में बतायी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *