दो दिनों से लापता युवक का शव मिला तो सन्‍न रह गए परिवार के लोग

नवादा
मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सिकंदरा गांव के लापता  युवक नरेंद्र कुमार उर्फ पिंटू का शव मंगलवार को बरामद किया गया। पड़ोसी गांव सकुलाचक के बधार से शव की बरामदगी हुई है। शरीर पर जख्म के गहरे निशान मिले हैं। माना जा रहा है कि लोहे के रड से पीट कर हत्या कर दी गई है। शव बरामदगी के बाद लोग उग्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्‍जे में लेकर पोस्‍टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो लोगों ने रोक दिया। वे वरीय अधिकारियों को बुलाने की मांग कर रहे थे। सदर एसडीपीओ उपेंद्र प्रसाद ने लोगों को समझा-बुझाकर शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेजवाया। इधर कादिरगंज में ग्रामीणों ने पथ को जाम कर दिया है। नवादा-जमुई पथ को जाम कर रहे आक्रोशित हत्यारों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।

हार्वेस्‍टर से धान कटवाने गया था पिंटू
नरेंद्र कुमार उर्फ पिंटू ने धान की फसल कटवाने के लिए दूसरे गांव से हार्वेस्‍टर मंगवाया था। रविवार को वह फसल कटवाने  खेत की तरफ गया था। लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटा था। तब स्वजनों ने उसकी तलाश शुरू की। लेकिन खेत पहुंचने पर न तो पिंटू दिखा, न हार्वेस्‍टर और न चालक। खेत से उसकी टोपी, चप्पल बरामद हुई। वहां पर खून के धब्‍बे थे। यह देखकर स्‍वजनों की चिंता बढ़ गई।

कुएं में मिला था युवक का मोबाइल
इसके बाद बगल के कुएं में तलाशी ली गई तो उसमें से पिंटू का मोबाइल बरामद हो गया। लेकिन युवक का कोई पता नहीं चला। इसकी सूचना मुफस्सिल थाने को दी गई। पुलिस भी अपने स्‍तर से जांच-पड़ताल में जुट गई। हार्वेस्टर और उसके मालिक के बारे में पता लगाने का भी प्रयास किया। इस बीच मंगलवार को जिसकी आशंका हुई, वही हुआ। पिंटू का शव बरामद किया गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस को देखते ही लोग आक्रोशित हो गए। वे शव नहीं उठने दे रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर एसडीपीओ वहां पहुंचे। उन्‍होंने आश्‍वासन दिया कि जो भी दोषी होगा, उसे छोड़ा नहीं जाएगा। जल्‍द ही वे पुलिस की गिरफ्त में होंगे। इसके बाद लोगों ने शव उठने दिया।  

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *