दिवंगत नेताओं को श्रद्धांजलि के बाद सदन स्थगित

रायपुर

छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र सोमवार  को शुरू होने के साथ सदन के दिवंगत नेताओं को श्रद्धाजंलि देने के बाद मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।  विधानसभा अध्यक्ष डॉ. महंत ने खैरागढ़ विधायक देवव्रत सिंह, पूर्व सांसद गोंदिल प्रसाद अनुरागी, पूर्व मंत्री राजिंदर पाल सिंह भाटिया, पूर्व संसदीय सचिव युद्धवीर सिंह जूदेव, अविभाजित मध्य प्रदेश में मंत्री रहे मूलचंद खंडेलवाल और अविभाजित मध्य प्रदेश में विधायक रहे मनुराम कच्छ के निधन का उल्लेख किया। उन्होंने हेलिकॉप्टर दुर्घटना में शहीद हुए देश के पहले चीफ आॅफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य सैन्य कर्मियों की सेवाओं का उल्लेख करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने देवव्रत सिंह से अपनी बात शुरू करते हुए सभी दिवंगत नेताओं के साथ अपनी स्मृतियां साझा कीं। उनके मानवीय गुणों और क्षमताओं का उल्लेख किया। जनरल बिपिन रावत के निधन को उन्होंने देश के लिए अपूर्णीय क्षति बताया।
नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक ने श्रद्धांजलि व्यक्तव्य में गोंदिल प्रसाद अनुरागी, युद्धवीर सिंह जूदेव, राजिंदर पाल सिंह भाटिया और मूलचंद खंडेलवाल की स्मृतियों पर बात की। उन्होंने कहा, जनरल बिपिन रावत ने एक साधारण गांव से निकलकर देश के सर्वोच्च सैन्य अधिकारी तक का सफर तय किया। उनका जाना एक बड़ा नुकसान है। सभी दलों के विधायकों ने बारी-बारी से संक्षिप्त शब्दों के साथ श्रद्धांजलि दी। बाद में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा, दिवंगतों के सम्मान में सदन की कार्यवाही मंगलवार सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित की जाती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *