UP की जनता का आकांक्षा पेटी से मन टटोलेगी भाजपा, लोगों की राय को करेगी मेनिफेस्टो में शामिल

लखनऊ
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी आम जनता तक पहुंचने के लिए तरह-तरह की जुगत लगा रही है। इसी के तहत भाजपा 15 दिसंबर से एक नया कैंपेन शुरू करने जा रही है। इस कैंपेन को नाम दिया गया है, ‘सुझाव आपका, संकल्प हमारा’। इसके तहत भाजपा उत्तर प्रदेश की आम आबादी तक पहुंचकर चुनावी घोषणा पत्र के लिए उनकी राय लेगी। इस कैंपेन के दौरान भाजपा जहां कार्यक्रम करेगी, वहां पर एक आकांक्षा पेटी भी रखी जाएगी, जिसमें लोग अपना फीडबैेक दे सकेंगे।

बनाई गई है मैनिफेस्टो कमेटी
इसके लिए एक खास मेनिफेस्टो कमेटी भी बनाई गई है। इकोनॉमिक टाइम्स के मुताबिक वरिष्ठ मंत्री सुरेश खन्ना को इस कमेटी का अध्यक्ष बनाया गया है। सुरेश खन्ना ने बताया कि यह कमेटी सभी विधानसभा क्षेत्रों से जुड़ी हर तरह की जानकारी जुटाएगी। लोगों से बात करके यह जानने का प्रयास होगा कि किन-किन मुद्दों पर लोग क्या कह रहे हैं। इस जानकारी के आधार पर मेनिफेस्टो तैयार किया जाएगा। सुरेश खन्ना के मुताबिक इस दौरान अलग-अलग प्रोफेशन से जुड़े लोगों से भी बात की जाएगी। ईमेल, वेबसाइट और फोन कॉल के जरिए भी लोगों से बात की जाएगी।

जनवरी में जारी होने की उम्मीद
इस कैंपेन के दौरान भाजपा जहां कार्यक्रम करेगी, वहां पर एक आकांक्षा पेटी भी रखी जाएगी। साथ ही भाजपा कार्यालयों में भी आकांक्षा पेटी को रखा जाएगा। लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा कि वह मेनिफेस्टो से जुड़े अपने सुझाव इस पेटी में डालें। स्वास्थ्य, निवेश, प्रशासन और इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़ी सरकार की उपलब्धियों को प्रकाशित किया जाएगा। लोगों के बीच इनका वितरण करके उनसे इस पर राय भी ली जाएगी और साथ ही पार्टी मैनिफेस्टो पर सुझाव देने के लिए कहा जाएगा। इसके बाद संभवत: जनवरी में जारी होने वाले मेनिफेस्टो में इसे शामिल किया जाएगा।

अन्य पार्टियां भी तैयारी में
एक पार्टी कार्यकर्ता ने पहचान न जाहिर करने की शर्त पर बताया कि इस मेनिफेस्टो में हर समुदाय की उम्मीदों को प्रतिनिधित्व मिलेगा। कार्यकर्ता ने कहाकि सरकार ने बड़ी संख्या में लोगों की उम्मीदों को पूरा किया है। हम विकास की इस कहानी को आगे ले जाना चाहते हैं। वहीं अन्य राजनीतिक दलों ने प्रदेश के चुनाव के लिए अपने मेनिफेस्टो पर काम करना शुरू कर दिया है। कांग्रेस जनरल सेक्रेट्री प्रियंका गांधी ने राज्य में महिलाओं को लुभाने वाला एक मेनिफेस्टो जारी किया था। इसमें उन्होंने प्रदेश में कांग्रेस सरकार बनने पर यहां की 40 फीसदी महिलाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। वहीं सपा के राष्ट्रीय सचिव राजीव राय ने कहाकि उनकी पार्टी ने भी जिलाध्यक्षों से मेनिफेस्टो के संबंध में राय लेनी शुरू कर दी है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *