युवराज और हरभजन के भाजपा जॉइन करने की खबरों के बीच दिग्गज स्पिनर ने दिया ये जवाब
नई दिल्ली
भारतीय क्रिकेट के सबसे खतरनाक आलराउंडरों में से एक युवराज सिंह आज अपना 40वां बर्थडे मना रहे हैं। युवराज के जन्मदिन पर सोशल मीडिया पर एक खबर आग की तरह फैल रही है, जिसमें कहा जा रहा है कि वह और दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह जल्द ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) जॉइन करने वाले हैं। पंजाब के जालंधर के रहने वाले हरभजन के 2017 में भी जालंधर से चुनाव लड़ने की चर्चा थी। लेकिन उस समय ऐसा नहीं हुआ था। हालांकि हरभजन ने राजनीतिक पारी से शुरू करने से कभी इन्कार भी नहीं किया है। ऐसे में उनके फिर से राजनीति के मैदान में उतरने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि हरभजन ने इन खबरों पर विराम लगाते हुए कहा है कि वह अभी राजनीति में नहीं उतरने जा रहे हैं। आफ स्पिनर ने कहा है कि वह अभी भाजपा जॉइन नहीं कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर जारी खबरों में कहा जा रहा है कि हरभजन और युवराज 2022 में पंजाब में होने वाले चुनाव से पहले भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं। लेकिन हरभजने इन खबरों पर कमेंट करते हुए लिखा, 'फेक न्यूज।'
आईपीएल में बड़ी टीम के सपोर्ट स्टाफ में नजर आ सकते हैं भज्जी
हरभजन अगले साल इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में एक बड़ी टीम के साथ सपोर्ट स्टाफ के अहम सदस्य के रूप में नजर आ सकते हैं। हरभजन ने आईपीएल 2021 के पहले चरण में कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) की ओर से कुछ मुकाबले खेले थे, लेकिन यूएई लेग में एक भी मैच नहीं खेले थे। उम्मीद है कि हरभजन जल्द क्रिकेट से ऑफिशियल रूप से संन्यास की घोषणा करेंगे और इसके बाद उनके कुछ फ्रेंचाइजी के सपोर्ट स्टाफ से जुड़ने की पेशकश में से किसी एक को स्वीकार करने की उम्मीद है।
