यूपी मिशन 2022: जनता का विश्वास जीतने को बीजेपी ने बनाया खास प्लान

यूपी
प्रदेश भाजपा मिशन 2022 के लिए प्रदेश में छह जन विश्वास यात्राएं निकालने जा रही है। यह यात्राएं बिजनौर, मथुरा, झांसी, अंबेडकरनगर, बलिया और गाजीपुर से निकलेंगी। प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों के साथ ही ये यात्राएं सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में पहुंचेंगी। इन यात्राओं के माध्यम से पार्टी के नेता जनता से संवाद स्थापित करेंगे।

शनिवार को प्रदेश महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल ने यात्राओं की तैयारियों के संबंध में बैठक की। यात्रा प्रभारी विद्यासागर सोनकर ने बताया है कि यात्राओं के उद्घाटन के समय दल के राष्ट्रीय नेता उपस्थित रहेंगे। बिजनौर, मथुरा, झांसी, अंबेडकरनगर तथा बलिया से 19 दिसंबर को यात्राएं प्रारंभ होंगी, जबकि गाजीपुर से 20 दिसंबर को यह यात्रा आगे बढ़ेगी।

सरकार की उपलब्धियां लोगों को बताएंगे
सोनकर ने बताया है कि 2017 से पहले भाजपा 'न गुंडाराज न भ्रष्टाचार, अबकी बार भाजपा सरकार' के नारे के साथ समाजवादी पार्टी के कुशासन को खत्म करने के लिए जनता के बीच गई थी। पांच वर्ष के कार्यकाल में भाजपा सरकार ने जनता से किए अपने एक-एक संकल्प को पूरा किया है। पार्टी 25 करोड़ जनता की आकांक्षाओं पर खरी उतरी है।

इन यात्राओं के माध्यम से भाजपा सुशासन, सशक्त कानून व्यवस्था, गरीब कल्याण के अपने कार्यों, ढांचागत विकास, पर्याप्त बिजली, शिक्षा सुधार, कौशल विकास तथा कृषि कल्याण की दिशा में किए गए कार्यों के बारे में लोगों को बताएगी। बैठक में सह प्रभारी सुभाष यदुवंश, राष्ट्रीय मंत्री हरीश द्विवेदी के साथ ही विनोद सोनकर, सांसद संजय सेठ, जय प्रकाश निषाद, सतीश गौतम, सुब्रत पाठक, एमएलसी विजय बहादुर पाठक, धर्मवीर प्रजापति, मानवेंद्र प्रताप, गोपाल अनजान भुर्जी तथा अमर पाल मौर्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *