ओटीए गया: 20वीं पासिंग आउट परेड में भारत को मिले 99 जेंटलमैन अधिकारी
बोधगया (गया)
ऑफिसर्स ट्रेंनिंग अकादमी में शनिवार को पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। 20 वी पासिंग आउट परेड राजवर्धन स्टेडियम में आयोजित किया गया। जिसमें देश को 99 सैन्य अधिकारी मिले। इसमें बिहार के विभिन्न जिलों से 7 सहित शेष देश के विभिन्न राज्यो से हैं। परेड में देश के मित्र पड़ोसी राष्ट्र श्रीलंका, भूटान और वियतनाम के 9 जेंटलमैन कैडेट्स शामिल थे। परेड के मुख्य अतिथि ओटीए के कमाण्डेन्ट जीएवी रेड्डी ने पासिंग आउट परेड का सलामी के साथ निरीक्षण किया। सेना के तीन हेलीकॉप्टर से जवानों के ऊपर पुष्प वर्षा कर हौसला अफजाई किया गया। जेंटलमैन कैडेट्स ने सेना के बैंड की धुन पर शानदार परेड मार्च किया। साथ ही अंतिम पग पर पैर रखकर सभी 108 जेंटलमैन कैडेट्स अधिकारी बने। अब ये जवान देश के विभिन्न सैन्य संस्थानों में जाकर अपनी सेवा देंगे और देश का मान बढ़ाएंगे। इसके अलावे 60 जेंटलमैन कैडेट्स एक वर्षीय बुनियादी प्रशिक्षण पूरा कर तकनीकी शिक्षा के लिए देश के विभिन्न सैन्य तकनीकी संस्थान यथा सिकंदराबाद, मउ और पुणे से इंजीनियरिंग में स्नातक डिग्री प्राप्त करने जाएंगे। प्रशिक्षण के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले जेंटलमैन कैडेट आदित्य वंश आर्य की गोल्ड, मयूर पाटिल व दानिश एवी को सिल्वर व अजय सिंह पनवार ओ ब्रॉन्च मेडल देकर सम्मानित किया गया।
इस दौरान ओटीए कमांडेंट जीएवी रेड्डी ने जेंटलमैन कैडेटों उनके उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए बधाई दी। उन्होंने जेंटलमैन कैडेटों से देश के विभिन्न संस्थानों में साहस, धैर्य और पराक्रम के साथ ईमानदारी पूर्वक अपने दायित्व का निर्वहन करने को कहा। चीफ ऑफ आर्मी बैनर बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले गुरेज कंपनी को दिया गया। पासिंग आउट परेड के दो वर्ष के बाद जेंटलमैन कैडेट्स के स्वजन बने।
