उत्तराखंड ने सैन्य अफसर देने में बड़े राज्यों को पछाड़ा-यूपी अव्वल
देहरादून
उत्तराखंड के जांबाज सीडीएस जनरल बिपिन रावत को खोने के गम के बीच राज्य के युवाओं ने गर्व से सीना चौड़ा करने वाली खबर दी है। कई बड़े राज्यों को पछाड़ते हुए इस बार उत्तराखंड सेना को अफसर देने में अव्वल रहा है। आईएमए से पास आउट होने वाले कैडेटों में यूपी के बाद उत्तराखंड दूसरे नंबर पर है।आबादी के हिसाब से उत्तराखंड सैन्य अफसर देने में कई बड़े राज्यों से कहीं आगे है।
भारतीय सैन्य अकादमी (आईएमए) की पासिंग आउट परेड निर्धारित समय पर ही होगी। बतौर रिव्यूइंग अफसर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जेंटलमैन कैडेट्स की सलामी लेंगे। इस बार आईएमए से 387 जेंटलमैन कैडेट पासआउट हुए हैं, जिनमें से 319 बतौर अफसर भारतीय सेना से जुड़े। इस बार मित्र देशों के 68 जेंटलमैन कैडेट भी पासआउट हुए।
इस बार बिहार, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, महाराष्ट्र जैसे बड़े राज्य भी पीओपी में कैडेटों के संख्या बल में उत्तराखंड से पीछे हैं। पिछले सालों तक जहां उत्तराखंड चौथे या पांचवें स्थान पर रहता था, इस बार दूसरे नंबर पर रहा है। शनिवार को पास आउट होने वाले कैडेटों में उत्तराखंड से 43 कैडेट पास आउट होंगे, जो करीब 13 फीसदी हैं। आबादी के हिसाब से उत्तराखंड देश में 20वें स्थान पर है। देश में सर्वाधिक जनसंख्या वाले यूपी के उत्तराखंड से दो ज्यादा यानि 45 कैडेट पासआउट होंगे।
