पूर्णिमा का असली रूप झरिया की जनता के बीच आ गया सामने, रागिनी को मिला हमला करने का हथियार
धनबाद/ चासनाला
'आपका अधिकार, आपकी सरकार, आपके द्वार' कार्यक्रम के दाैरान झरिया के चासनाला में फरियादी की झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के बाडीगार्ड द्वारा पिटाई का मामला तूल पकड़ लिया है। इस मामले को लेकर झरिया की राजनीति गरमा गई है। झारखंड प्रदेश भाजपा कार्यसमिति सदस्य और पूर्व विधायक संजीव सिंह की पत्नी को पूर्णिमा पर हमला करने का हथियार मिल गया है। उन्होंने कहा है-झरिया की विधाय पूर्णिमा का असली रूप सामने आ गया है। उन्होंने जनता के बीच खुद को साैम्य और पीड़ित के रूप में पेश कर वोट लिया। उनके सामने फरियादी की पिटाई होती है। बाडीगार्ड मारपीट करता है और विधायक चुपचाप देखती रहती हैं। यह माैन समर्थन है। जुल्म और गुंडई का माैन समर्थन विधायक पूर्णिमा का असली रूप है। दूसरी तरफ पूर्णिमा ने भाजपा पर साजिश का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा है कि कुछ लोग जानबूझकर गरीबों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने देना चाहते हैं। पाथरडीह सुतुकडीह के राजकीयकृत मध्य विद्यालय प्रांगण में शुक्रवार को आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम में बवाल हो गया। वार्ड नंबर 51 के ग्रामीणों की समस्याओं पर सीओ प्रमेश कुशवाहा से मिलने पहुंचे भाजपा नेता साधन महतो को झरिया से कांग्रेस विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के अंगरक्षक ने थप्पड़ जड़ दिया। वहां मौजूद लोगों को धकेलकर बाहर कर दिया। इससे भड़के भाजपाइयों व ग्रामीणों ने हंगामा किया। विद्यालय के मुख्य गेट के सामने बैठ विरोध प्रदर्शन किया। कहा कि अंगरक्षक माफी मांगे। इस दौरान महिलाएं काफी गुस्से में थीं। हंगामा देख सुदामडीह थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक ने तत्काल वरीय अधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद भौंरा, पाथरडीह, अलकडीहा समेत कई थानों की पुलिस पहुंची। विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह, सीओ व पुलिस ने गुस्साए ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।
पानी और बिजली की समस्या पर ज्ञापन देने गए थे साधन
भाजपा नेता साधन महतो का कहना था कि वार्ड में पानी, बिजली व अन्य समस्याओं के निराकरण को स्थानीय महिलाओं के साथ सीओ को पत्र देने गए थे। वहां विधायक, एमओ सत्येंद्र कुमार, विधायक प्रतिनिधि केडी पांडेय, पूर्व पार्षद चंदन महतो, पूर्व पार्षद पुष्पा सुपकार आदि थे। इसी बीच विधायक समर्थक पूर्व पार्षद सुमित सुपकार व गौरीशंकर रवानी ने हमें रोका। कहा पत्र हमें दो और वापस जाओ। ये कैंप हमारे लोगों के लिए लगा है। मगर ग्रामीण सीओ को ज्ञापन देने पर अड़ गए। तभी विधायक के अंगरक्षक ने चांटा मार दिया। तब ग्रामीण उग्र हो गए। विरोध देख विधायक कार्यक्रम से चली गईं।
गरीबों तक योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने देना चाहते कुछ लोग
झरिया की विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने कहा है कि कुछ लोग गरीबों तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंचने देना चाहते। सुतुकडीह में भी यही देखने को मिला। कुछ लोगों ने कार्यक्रम में खलल डालने का काम किया। एक व्यक्ति लगातार लोगों से अभद्र व्यवहार कर रहा था। तब अंगरक्षक व पुलिस ने उसे बाहर कर दिया। निगम चुनाव को लेकर एक पार्टी विशेष के लोगों ने ऐसा किया। यह कौन लोग हैं, सभी जानते हैं। खुद गरीबों का काम नहीं किया। अब सरकार के माध्यम से करा रहे हैं तो बाधा डाल रहे हैं।
विधायक के इशारे पर हुई भाजपा नेता की पिटाई
आपके अधिकार-आपकी सरकार आपके द्वार कार्यक्रम के दौरान झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह के सुरक्षा गार्ड द्वारा एक आवेदक की पिटाई का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इसको लेकर भाजपा नेता पीडि़त को भाजपा कार्यकर्ता बता कर इस हमले की ङ्क्षनदा की। वहीं इस मामले की जांच करा कर दोषियों को सजा देने की मांग कर डाली। इसके अलावा पीडि़त साधन महतो उर्फ शुभंकर महतो ने भी खुद को भाजपा का कार्यकर्ता बताते हुए इसकी लिखित शिकायत उपायुक्त से की और उचित कारवाई की मांग की है। घटना की निंदा करते हुए भाजपा की प्रदेश कार्यकारिणी की सदस्य और वरीय नेता रागिनी सिंह ने कहा कि विधायक के इशारे पर इस कारवाई को सुरक्षा गार्डों ने अंजाम दिया है। विधायक सत्ता के नशे में चूर होकर भाजपा के कार्यकर्ताओं का दमन करने में लगी हुईं है, लेकिन उनके रहते ऐसा होने नहीं दिया जाएगा।
उपायुक्त से निष्पक्ष जांच की मांग
उपायुक्त से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए उन्होंने दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। सिंह ने कहा कि यदि दोषियों पर उचित कारवाई नहीं की जाती है तो भाजपा इसको लेकर एक बड़ा आंदोलन करेगी। वहीं इस मामले को लेकर भाजपा महानगर जिला अध्यक्ष चंद्रशेखर सिंह ने भी रागिनी के सुर में सुर मिलाते हुए इसे पार्टी के स्तर पर चर्चा के बाद आंदोलन की रूप रेखा तय करने की बात कही।
