वार्ड अटेंडेंट के लिए चयनित अभ्यर्थियों का परिणाम बाबा फरीद यूनिर्वसिटी ने घोषित किया

फरीदकोट
सेहत विभाग को अब वार्ड अटेंडेंट के रूप में 800 नए चेहरे मिलेंगे। 14 नवंबर 2021 को ली गई वार्ड अटेंडेंट की परीक्षा में चयनित किए हुए अभ्यर्थियों का परिणाम शनिवार की सुबह बाबा फरीद यूनिर्वसिटी ने घोषित करने के साथ अपनी बेवसाइट पर अपलोड कर दिया।  अभ्यर्थियों की संख्या के लिहाज से प्रदेश की अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा बाबा फरीद यूनिर्वसिटी ने 14 नवंबर को विभिन्न जिलों के 359 परीक्षा केंद्रों पर ली गई थी। वार्ड अटेंडेंट के 800 पदों के लिए प्रदेश भर से 1.5 लाख अभ्यर्थियों द्वारा आवेदन किया गया था। परीक्षा में 98000 अभ्यर्थी ही शामिल हुए थे। यूनिर्वसिटी व सेहत विभाग ने एक पद के लिए तीन अभ्यर्थियों को कौंसिलिंग के लिए बुलाया था। कौंसिलिंग सप्ताह भर यूनिर्वसिटी में चली, जिसमें 2400 अभ्यर्थियों ने अपने कागजात चेक करवाने के साथ ही अपने अनुभव प्रमाण पत्र अधिकारियों को दिखाए। इसी आधार पर मेरिट बनाई गई, जिसमें कटआफ मेरिट 68.7269406 फीसद गई, इससे ज्यादा अंक पाने वाले अभ्यर्थियों का चयन वार्ड अटेंडेंट के पद के लिए किया गया।

बाबा फरीद यूनिर्वसिटी को सेहत विभाग में रिक्त पड़े उक्त पदों को भरने की जिम्मेदारी अगस्त 2020 में प्रदेश सरकार ने सौंपी थी। हालांकि कोरोना महामारी के कारण यह परीक्षा स्थगित कर दी गई थी। बाबा फरीद यूनिर्वसिटी के वाइस चांसलर डाक्टर राज बहादुर ने बताया कि वार्ड अटेंडेंट की परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया गया है। अभ्यर्थी यूनिर्वसिटी की बेवसाइट पर परिणाम देख सकते है। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों के चयन की अंतिम सूची प्रदेश सरकार को भेज दी गई है। अब सरकार द्वारा चयनित अभ्यर्थियों को प्रदेश के विभिन्न अस्पतालों में आवश्यकता अनुरुप तैनात किया जाएगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *