राकेश झुनझुनवाला ने झटके में कमा लिए 6,500 करोड़ रुपये, शेयर बाजार में सुस्त एंट्री के बाद संभला स्टार हेल्थ

नई दिल्ली
दिग्गज निवेशक राकेश झुनझुनवाला के निवेश वाली कंपनी स्टार हेल्थ एंड एलाइड इंश्योरेंस की आज यानी 10 दिसंबर को भारतीय शेयर बाजार में एंट्री हुई है। अपने पहले कारोबारी दिन स्टार हेल्थ की भारतीय शेयर बाजार में खराब शुरुआत हुई लेकिन कुछ ही देर बाद रिकवरी भी देखने को मिली। इस वजह से बीएसई इंडेक्स पर स्टार हेल्थ 940 रुपये के उच्चतम स्तर को भी छु लिया।

राकेश झुनझुनवाला को कितना फायदा: बिग बुल राकेश झुनझुनवाला के पास स्टार हेल्थ के 14.98 प्रतिशत या 82,882,958 इक्विटी शेयर थे। झुनझुनवाला ने मार्च 2019 और नवंबर 2021 के बीच नौ लेनदेन में 155.28 रुपये प्रति शेयर के औसत से शेयर खरीदे थे। इस कीमत पर कंपनी में झुनझुनवाला का निवेश करीब 1,287 करोड़ रुपये था। हालांकि, शेयर बाजार में एंट्री के पहले दिन 940 रुपये की कीमत पर, कंपनी में उनका निवेश बढ़कर 7,791 रुपये के करीब पहुंच गया है। इस लिहाज से उन्होंने 6,504 करोड़ रुपये का लाभ कमाया।

कैसा था आईपीओ: आपको बता दें कि स्टार हेल्थ ने 30 नवंबर और 2 दिसंबर के बीच अपनी प्रारंभिक सार्वजनिक पेशकश (आईपीओ) से 6,400 करोड़ रुपये जुटाए हैं। हालांकि, आईपीओ में निवेशकों ने बहुत ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। इस कंपनी ने अपने शेयर 870-900 रुपये की सीमा में बेचे। हालांकि, राकेश झुनझुनवाला ने अपनी हिस्सेदारी नहीं बेची। फिलहाल, शेयर बाजार में लिस्टिंग के बाद शेयर 6 फीसदी की तेजी के साथ 900.85 रुपए पर पहुंच गया। मार्केट कैपिटल की बात करें तो 51,845.92 करोड़ रुपए पर पहुंच गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *