शख्स तेज आवाज में बजा रहा था म्यूजिक, पड़ोसी ने फर्श पर इतनी जोर से पटका कि चली गई जान

मुंबई
मुंबई में एक शख्स ने पड़ोसी की महज इस वजह से हत्या कर दी क्योंकि वह तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहा था। आरोपी ने आवाज कम करने को कहा था, लेकिन बात नहीं मानने पर वह इस कदर गुस्से में आया कि फर्श पर जोर से पटक दिया। इस दौरान अधिक खून बह जाने की वजह से 40 साल के शख्स की मौत हो गई। घटना बुधवार रात मलवानी इलाके के अंबुजवाड़ी को घटी। पुलिस के मुताबिक, मृतक सुरेंद्र कुमार गुन्नार एक रिकॉर्डर पर तेज आवाज में म्यूजिक बजा रहे थे। वह झोपड़ी के बाहर बैठकर म्यूजिक सुन रहे थे। पड़ोस में रहने वाले सैफ अली चंद अली शेख (25) को यह नागवार गुजरा। अली ने आवाज धीमी करने को कहा, लेकिन सुरेंद्र ने इससे इनकार कर दिया। इस पर शेख बेहद गुस्से में आ गया और मारपीट शुरू कर दी। उसने सुरेंद्र पर हमला करते हुए उसे जोर से फर्श पर पटक डाला। इससे सुरेंद्र बेहोस हो गया और अत्यधिक खून निकल गया। कुछ लोग उसे लेकर अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को आईपीसी की धारा 302 और संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *