दो दिन में निवेशकों ने कमा लिए 7.50 लाख करोड़ रुपए

नई दिल्ली
भले ही दुनियाभर में कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर चिंताएं हैं लेकिन निवेशक इस डर से बेफिक्र नजर आ रहे हैं। यही वजह है कि भारतीय शेयर बाजार एक बार फिर रिकवर हो रहा है। सिर्फ दो कारोबारी दिन में सेंसेक्स करीब 2 हजार अंक से ज्यादा मजबूत हुआ है। इस वजह से निवेशकों को 7.50 लाख करोड़ रुपए का मुनाफा हो गया है। इन दो दिनों में निफ्टी की बात करें तो 500 अंक से ज्यादा मजबूत हुआ है।

क्या है बाजार का हाल
सप्ताह के तीसरे कारोबारी दिन यानी बुधवार को सेंसेक्स 1016 अंक या 1.76 फीसदी की तेजी के साथ 58,650 अंक के स्तर पर बंद हुआ। निफ्टी की बात करें तो ये 17,470 अंक के स्तर पर ठहरा। निफ्टी 293.05 अंक या 1.71 फीसदी मजबूत होकर बंद हुआ है।

मार्केट कैपिटल का हाल
बीते 6 दिसंबर को शेयर बाजार बंद होने पर बीएसई इंडेक्स का मार्केट कैपिटल 2,56,72,771.67 रुपए है। वहीं, 8 दिसंबर को मार्केट कैपिटल 2,64,21,889.25 रुपए पर पहुंच गया। इस लिहाज से दो कारोबारी दिन में मार्केट कैपिटल 7.50 लाख करोड़ रुपए बढ़ गया है।

बढ़त की वजह
दरअसल, कोरोना के नए वेरिएंट ओमिक्रॉन को लेकर कुछ चिंताएं कम हुई हैं। अमेरिका के शीर्ष संक्रामक रोग अधिकारी डॉ. एंथनी फौसी ने सीएनएन को बताया कि ओमिक्रॉन के बहुत ज्यादा प्रभाव डालने की आशंकाएं कम हैं। माना जा रहा है कि नया वेरिएंट कम खतरनाक हो सकता है। इस वजह से शेयर बाजार को बूस्ट मिल रहा है। वहीं, केंद्रीय रिजर्व बैंक की ओर से रेपो रेट में किसी तरह का बदलाव नहीं करने की वजह से भी बैंकिंग और फाइनेंस से जुड़े स्टॉक उत्साहित नजर आए। ओमिक्रॉन वायरस की चिंताओं के बावजूद आरबीआई ने चालू वित्त वर्ष के लिए अपने विकास अनुमान को 9.5 प्रतिशत पर बरकरार रखा है। ये भी शेयर बाजार को बूस्ट देने में बड़ा फैक्टर साबित हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *