गया में सीएम योगी और हेमंत सोरेन के साथ राबड़ी देवी ने लगाई वैक्सीन!
टिकारी (गया)
गया जिले के टिकारी में कोविड वैक्सीनेशन के आईडी का गलत उपयोग करते हुए उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन, बिहार के पूर्व सीएम राबड़ी देवी और वर्तमान स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय को कोरोना का टीका लगाये जाने की इंट्री कर दी गई। मंगलवार की दोपहर एक बजे मामला संज्ञान में आने पर स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में गया जिले के सभी वैक्सीनेशन आईडी को बंद कर दिया गया है। अब रोजाना पासवर्ड बदलते हुए पासवर्ड को गोपनीय रखने का निर्देश दिया गया है। डीएम अभिषेक कुमार सिंह के निर्देश पर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र टिकारी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. विश्वमूर्ति मिश्रा ने टिकारी थाना में प्राथमिकी दर्ज करायी है।
ऑपरेटर ने दी थी हेल्थ मैनेजर को सूचना
मामला प्रकाश में आने के बाद सिविल सर्जन केके राय ने प्रेस वार्ता में बताया कि स्वास्थ्य उपकेंद्र अलीपुर की एएनएम उषा कुमारी के मोबाइल नंबर को वैक्सीनेशन पार्टल पर युजर आईडी के रूप में दर्ज किया गया था। वैक्सीनेशन आईडी चार हायर (कॉन्ट्रैक्ट) वैक्सीनेटर को उपलब्ध कराया गया था। वैक्सीनेटर रवि राज मंगलवार को काम कर रहे थे। रवि ने दोपहर एक बजे हेल्थ मैनेजर अजीत कुमार को सूचना दी कि आईडी को हैक कर गलत इंट्री की जा रही है। हेल्थ मैनेजर ने सूचना जिला अनुश्रवण एवं मूल्यांकन पदाधिकारी अखिलेश कुमार को दी। हैकिंग का मामला सामने आने के बाद वैक्सीनेशन ऑफलाइन मोड में करवाया गया। हेल्थ मैनेजर ने कहा कि मंगलवार को 27 स्थानों पर वैक्सीनेशन का काम करवाया गया है। आईडी सही होने के बाद सभी डेटा की इंट्री करा दी जाएगी। प्रेस वार्ता में डीपीएम नीलेश कुमार, जिला प्रतिरीक्षण पदाधिकारी डॉ. फिरोज अहमद मौजूद थे।
