कांग्रेस नेतृत्व को बर्दाश्त नहीं ना सुनना, गुलाम नबी आजाद ने इशारों में राहुल-प्रियंका को सुनाया!
नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के पूर्व सीएम और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने एक बार फिर से इशारों में राहुल और प्रियंका गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाए हैं। आजाद ने कहा है कि मौजूदा पीढ़ी सुझावों पर ध्यान नहीं देती। उन्होंने यह भी कहा कि भले ही ये सुझाव कांग्रेस के दिग्गज नेता ही क्यों ने दें, लेकिन इसे अपराध और विद्रोह के तौर पर ही देखा जाता है। कांग्रेस में सुधारों की पैरवी करने वाले 23 नेताओं के समूह का हिस्सा गुलाम नबी आजाद ने कहा, 'जब राजीव जी ने राजनीति में कदम रखा था, तब इंदिरा गांधी ने हम दोनों को बुलाया और राजीव को कहा कि गुलाम नबी आजाद मुझे भी न कह सकते हैं, लेकिन उस न का मतलब अवज्ञा या अनादर नहीं, यह पार्टी के लिए अच्छा है। आज, कोई भी न सुनने को तैयार नहीं है। न कहने की वजह से आज आप की अहमियत नहीं रह जाती है।' उन्होंने आगे कहा, 'हम पार्टी के समावेशी सुधार के लिए सुधार देते हैं। हम में से कोई भी पार्टी में पद नहीं चाहता। हम सब बस यही चाहते हैं कि पार्टी के प्रदर्शन में सुधार हो… यह समय ऐसा है जब सत्ताधारी पार्टी मजबूत है और विपक्ष कमजोर। एक कमजोर विपक्ष सत्ताधारी पार्टी को फायदा पहुंचाता है।'
