भाजपा स्थापना दिवस पर CM पहुंचे BJP दफ्तर, प्रदेश अध्यक्ष ने पोलिंग बूथ पर बढ़ाया हौसला

भोपाल
भाजपा ने आज सेवा ही संगठन की थीम पर अपना स्थापना दिवस मनाया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश भाजपा कार्यालय पहुंचे और पार्टी के संस्थापक नेताओं पंडित दीनदयाल, श्यामा प्रसाद मुखर्जी और राजमाता विजयाराजे सिंधिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उधर चुनाव प्रचार के लिए दमोह में डटे प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने दमोह जिले के आमचौपरा पोलिंग बूथ में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ स्थापना दिवस मनाया और कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाया। दोनों ही नेताओं ने स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का संबोधन भी सुना।

 दमोह में प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के बीच सेवा ही संगठन थीम का जिक्र कर कहा कि देश की जनता को भाजपा की नीति और नीयत पर विश्वास है। जनता जानती है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश सुरक्षित है लेकिन आज भी कांग्रेस जैसे दल हैं जो समाज के साथ छल- कपट करते हैं, झूठ बोलते हैं। कार्यकर्ता इस उपचुनाव में हर बूथ पर सर्जिकल स्ट्राइक कर समाज को भ्रमित करने वाली कांग्रेस को करारा जवाब दें। उन्होंने कहा कि भाजपा में चुनाव कार्यकर्ता ही लड़ते हैं और जीतते हैं।

दमोह विधानसभा का प्रत्याशी यहां का एक-एक कार्यकर्ता है। यही कार्यकर्ता बूथ पर हमेशा सक्रिय रहता है। यही कार्यकर्ता बूथ की ताकत है। उन्होंने कहा कि चुनाव में कांग्रेस जातिवाद के नाम पर बहकाने और अलग अलग प्रकार से ध्यान भटकाने का प्रयास करेगी लेकिन हमें कांग्रेस के मंसूबे विफल करते हुए केवल बूथ पर ध्यान केंद्रित करना है। प्रत्येक बूथ पर भाजपा की विजय सुनिश्चित करना हमारा लक्ष्य है। इस मौके पर उन्होंने प्रत्येक मंडल में सेवा ही संगठन के ध्येय वाक्य के साथ स्वच्छता अभियान, मास्क वितरण एवं एक बार में उपयोग होने वाले प्लास्टिक का उपयोग नहीं करने का संकल्प दिलाने के लिए होने वाली कार्यक्रम में जुटने के लिए कहा।

मुख्यमंत्री कार्यालय ने सीएम शिवराज की ओर से आज किए ट्वीट में कहा कि 6 अप्रैल का दिन हमारे इतिहास में अन्याय के खिलाफ सत्याग्रह के रूप में दर्ज है। साल 1930 में आज ही के दिन राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने सविनय अवज्ञा आंदोलन कर नमक विरोधी कानून को भंग किया था। यह हमारे देश के आत्मनिर्भरता का ही प्रतीक था। 2022 में होने वाले आजादी के 75वें वर्षगांठ के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में मनाए जा रहे आजादी के अमृत महोत्सव के तहत पूरा देश आत्मनिर्भर होने की दिशा में अग्रसर है। आइए, इस अवसर पर देश को आत्म निर्भर मध्यप्रदेश से आत्म निर्भर भारत बनाने में योगदान देने का संकल्प लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *