IND vs NZ: टीम इंडिया की चुनौती के लिए तैयार हैं कीवी स्पिनर ऐजाज पटेल, भारत से है खास रिश्ता

नई दिल्ली

भारत और न्यूजीलैंड के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 25 नवंबर से होने जा रही है। कानुपर के ग्रीनपार्क स्टेडियम में होने वाले इस मैच के लिए दोनों टीमें जमकर प्रैक्टिस कर रही हैं। इस मैच को लेकर न्यूजीलैंड के ऐजाज पटेल खासा रोमांचित हैं। बाएं हाथ के इस स्पिनर का भारत से खास रिश्ता है और इनका जन्म मुंबई में ही हुआ है। ऐजाज आठ साल की उम्र में परिवार के साथ न्यूजीलैंड चले गए थे। इस साल जून से फर्स्ट क्लास क्रिकेट में बॉलिंग नहीं करने वाले 33 साल के पटेल भारत के खिलाफ गुरुवार से शुरू हो रहे पहले टेस्ट में अहम भूमिका निभाना चाहते हैं।
 
उन्होंने कहा, ''मैं भारत के उन हिस्सों में हूं जो पहले नहीं देखे। भारत शानदार है, लेकिन मौजूदा माहौल में हम बाहर जाकर उसका अनुभव नहीं कर सकते।'' पटेल ने कहा, ''भारत को लेकर काफी रोमांच है। यहां आपा-धापी के बीच भी सुकून है जो इसे खास बनाता है।'' भारतीय पिचों पर गेंदबाजी को लेकर उन्होंने कहा, ''हमें पता है कि स्पिन गेंदबाजों को यहां क्या करना है, लेकिन यह भी पता है कि भारतीय बल्लेबाजों का उनकी धरती पर सामना करना एक स्पिनर के लिए कितना कठिन है। यह चुनौतीपूर्ण है, लेकिन मैं इसे लेकर उत्साहित हूं।''

अब तक न्यूजीलैंड के लिए नौ टेस्ट में 26 विकेट ले चुके पटेल का मानना है कि एसजी लाल गेंद विदेशी गेंदबाजों के लिए एक अलग तरह की चुनौती पेश करती है। उन्होंने कहा, ''एसजी गेंद अलग है। ड्यूक की तरह। काफी कठोर है, लेकिन पकड़ बनाने में अच्छी है। इसकी चुनौतियां अलग तरह की हैं। हमारी तैयारी काफी अच्छी रही है और उम्मीद है कि प्रदर्शन भी उम्दा रहेगा।'' गौरतलब है कि न्यूजीलैंड टीम ने 1988 के बाद से भारत में टेस्ट नहीं जीता है। पटेल और ऑफ स्पिनर विल समरविले कीवी स्पिन आक्रमण की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *