समाधान योजना का लाभ लेते हुए बिजली के लंबित बिलों का भुगतान करें: मंत्री पटेल

भोपाल

किसान-कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री कमल पटेल ने कहा है कि बिजली उपभोक्ता समाधान योजना का लाभ लेते हुए अपने लंबित बिलों के भुगतान में बड़ी राहत प्राप्त कर सकते हैं। मंत्री पटेल ने सोमवार को हरदा में आयोजित समाधान शिविर में ग्रामीणों से उक्त अपील की।

कृषि मंत्री पटेल ने कहा कि कोरोना संकट काल में आर्थिक समस्याओं के कारण जो उपभोक्ता बिजली के बिल जमा नहीं कर पाये, उनके लिए प्रदेश सरकार ने समाधान योजना चालू की है। योजना का लाभ लेकर उपभोक्ता लंबित बिलों का भुगतान कर सकेंगे। मंत्री पटेल ने कहा कि 1 किलो वाट भार तक के निम्न आय घरेलू बिजली उपभोक्ता 15 दिसंबर 2021 तक उक्त योजना का लाभ ले सकते हैं। सरकार किसानों को सिंचाई के लिए बहुत कम दरों पर बिजली उपलब्ध करा रही है।

लोकहित में योजनाएँ की जा रही है संचालित

मंत्री पटेल ने किसानों से अपील की कि वह जैविक खेती अपनाएँ। इससे खेती की लागत कम होगी और आय में वृद्धि होगी। पटेल ने बताया कि सरकार आयुष्मान योजना, उज्जवला योजना सहित कई अन्य कल्याणकारी योजनाएँ चला रही है। उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं से अधिकतम लोगों को लाभान्वित करने के लिए विशेष शिविर लगाने के निर्देश भी दिए।

प्रति हेक्टेयर उत्पादन में हरदा है अव्वल

मंत्री पटेल ने कहा है कि हरदा जिला गेहूँ, चना एवं मूंग के उत्पादन में अग्रणी जिला है। उन्होंने बताया कि गेहूँ, चना और मूंग के प्रति हेक्टेयर उत्पादन में हरदा देश में अव्वल है। पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना का आगाज हरदा जिले से हुआ और यहाँ सबसे पहले लोगों को लाभान्वित किया है।

समाधान योजना के प्रचार रथ को दिखाई हरी झंडी

कृषि मंत्री पटेल ने समाधान योजना शिविर से योजना के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार किए गए विशेष रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। प्रचार रथ गाँव-गाँव जाकर ग्रामीणों को समाधान योजना के बारे में जानकारी देगा। इससे ज्यादा से ज्यादा लोग योजना का लाभ उठा सकेंगे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *