नई कैबिनेट की शपथ से पहले बोले सचिन पायलट- आलाकमान ने कमियों को दूर किया
जयपुर
राजस्थान में आज (रविवार) मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कैबिनेट में बड़ा फेरबदल होने वाला है। मंत्रिमंडल में आज 12 नए चेहरों को शामिल किया जाना है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक कैबिनेट में सचिन पायलट कैंप के भी पांच चेहरे शामिल होंगे, जिसे लेकर पायलट ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। बता दें कि राजस्थान की सियासत में उस समय भूचाल आ गया था जब गहलोत कैबिनेट के सभी 21 सदस्यों ने एक साथ इस्तीफा दे दिया था। बताया जा रहा है कि इनमें से तीन कैबिनेट मंत्रियों- रघु शर्मा, हरीश चौधरी और गोविंद सिंह डोटासरा का इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वीकार कर लिया।
सचिन पायलट ने कहा, कल राजस्थान के कैबिनेट का पुनर्गठन हुआ था। आज प्रदेश के राज्यपाल नए मंत्रियों को शपथ दिलाएंगे। मुझे खुशी है कि कांग्रेस पार्टी, सोनिया गांधी और प्रदेश की सरकार ने जो कुछ कमियां थीं उसे पूरा किया है। नई कैबिनेट में 4 दलित मंत्री शामिल यह एक संदेश है कि कांग्रेस, राज्य सरकार और पार्टी दलितों, पिछड़े और गरीबों के लिए प्रतिनिधित्व चाहती है। लंबे समय से हमारी सरकार में दलित प्रतिनिधित्व नहीं था, अब इसकी भरपाई हो गई है और उन्हें अच्छी संख्या में शामिल किया गया है।
सचिन पायलट ने आगे कहा, नई कैबिनेट में 4 दलित मंत्रियों को जगह दी गई है। हमारी पार्टी चाहती है कि दलित, उपेक्षित, पिछड़े लोगों का प्रतिनिधित्व हर जगह होना चाहिए। काफी समय से हमारी सरकार में दलितों का प्रतिनिधित्व नहीं था अब भरपाई की है। आदिवासियों का भी प्रतिनिधित्व बढ़ाया गया।
