लखनऊ में एक और मरीज में जीका वायरस की पुष्टि, लोगों में दहशत
लखनऊ
जीका वायरस का प्रकोप धीरे-धीरे बढ़ रहा है। एक और युवती में जीका वायरस की पुष्टि हुई है। इससे इलाके में हड़कंप मच गया है। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि यह लखनऊ का पहला मरीज है जो सर्विलांस के तहत पकड़ में आया है।
अब तक लखनऊ में छह लोगों में जीका वायरस की पुष्टि हो चुकी है। वायरस का प्रसार बढ़ रहा है। इससे स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ गई है। 17 नवम्बर को रेडक्रास सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम ने सफदलबाग से 33 लोगों के नमूने लिए गए थे। इनमें एक युवती में जीका वायरस का पता चला है। केजीएमयू में नमूने की जांच हुई है। अधिकारियों का कहना है कि युवती की तबीयत स्थिर है।
अधिकारियों का कहना है कि यह पहला मामला है जो सर्विलांस के तहत पकड़ में आया है। इससे पहले लक्षणों के बाद विभिन्न अस्पतालों की ओपीडी पहुंचे मरीजों में बीमारी का पता चला था। डिप्टी सीएमओ डॉ. केपी त्रिपाठी ने बताया कि मरीज को मच्छरदानी में ही रहने की हिदायत दी गई है। मरीज की सेहत की लगातार निगरानी कराई जा रही है। जीका प्रभावित क्षेत्र में फागिंग हो रही है। एंटीलार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। बुखार पीड़ितों को दवाओं का वितरण किया जा रहा है।
