कितनी कामयाब है जर्मनी की बोतल जमा स्कीम
डॉयचे वेले,दिल्ली
जर्मन उपभोक्ता बड़ी शिद्दत से अपनी इस्तेमाल की हुई बोतलें लौटा देते हैं. जर्मनी में बोतल जमा करने की योजना भला कैसे काम करती है? क्या ये मॉडल दूसरे देश भी अपना सकते हैं?शनिवार की सुबह है और जर्मनी के शहर कोलोन के एक सुपरबाजार में लोग बोतलों और डिब्बों से भरे झोले लिए कतार में लगे हैं. लेकिन वे यहां कुछ खरीदने नहीं बल्कि उन्हें लौटाने आए हैं. प्रक्रिया आसान है. जब वो अपने सॉफ्ट ड्रिंक खरीदते हैं, तो दुकानदारों को उसकी कीमत के साथ एक निश्चित डिपॉजिट का भुगतान भी करते हैं. जर्मन भाषा में इसे कहा जाता है फांड यान जमा राशि. जब उपभोक्ता अपनी बोतलें और डिब्बे, स्टोर को लौटाते हैं, तो उन्हें अपना पैसा वापस मिल जाता है. एनवायरन्मेंटल एक्शन जर्मनी (डीयूएच) नाम के एक एनजीओ में चक्रीय अर्थव्यवस्था का काम देखने वाले टॉमस फिशर ने डीडब्ल्यू को बताया, "2003 से पहले, करीब तीन अरब डिस्पोजेबल बोतलें और डिब्बे, हर साल पर्यावरण में फेंक दिए जाते थे.”
लेकिन इन दिनों, जर्मनी को इस बात का गर्व है कि इस डिस्पोजेबल सामग्री की वापसी की दर 98 प्रतिशत है. फिशर कहते हैं, "अब इससे ज्यादा ऊंची दर मिल पाना नामुमकिन है.” जर्मनी की फांड प्रणाली में दो किस्म की बोतलें आती हैं. पहली वे जिनमें उत्पादक की निर्धारित की हुई डिपॉजिट राशि होती है, आठ यूरो सेंट से लेकर 25 यूरो सेंट तक. और उन्हें कई कई बार इस्तेमाल किया जा सकता है और वे कांच या पीईटी प्लास्टिक की बनी होती हैं. दूसरी किस्म के तहत, सिर्फ एकबारगी इस्तेमाल के डिब्बे या कंटेनर आते हैं और फिर उन्हें रिसाइकिल कर दिया जाता है. इन पर डिपॉजिट सरकार निर्धारित करती है और वो है 25 यूरो सेंट. उपभोक्ताओं के लिए फांड सिस्टम यूं तो खाली बोतलों को एक मशीन में डालना भर है लेकिन उसके बाद जो होता है वो प्रक्रिया जरा पेचीदा है. बोतलों का रोमांचकारी सफर जब कोई रीफिल हो सकने वाली बोतल, मान लीजिए कोला की बोतल, सुपरमार्केट में लौटाई जाती है तो उसके साथ ही शुरू होता है उसका एक लंबा सफर. पेय पदार्थ का थोक विक्रेता ऐसी बहुत सारी खाली बोतलों को ट्रक में भर कर छंटाई केंद्र तक ले जाता है जहां उसे उसी आकार की दूसरी बोतलों के साथ रखा जाता है. इसके बाद उसी किस्म की बोतल का उपयोग करने वाले उत्पादकों के पास वो बोतल पहुंचाई जाती है. वहां उसे साफ किया जाता है, दोबारा नया माल भरा जाता है और फिर से बेचने के लिए दुकान में उपलब्ध करा दिया जाता है. जर्मन पर्यावरण एजेंसी (यूबीए) के मुताबिक ऐसी एक कांच की बोतल को, गुणवत्ता में गिरावट आए बिना 50 बार भरा जा सकता है.
