जनवरी से जगमगाएंगे सभी वार्ड, पंचायत चुनाव बाद होगा सर्वे

भागलपुर

पंचायतीराज मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि जनवरी से सभी वार्डों में स्ट्रीट लाइट लगाई जाएंगी। हर वार्ड में 10 लाइट लगाने की योजना है। सूबे में 15 लाख स्ट्रीट लाइट लगाई जाएगी। टेंडर की प्रक्रिया चल रही है। बिजली विभाग की निगरानी में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम होगा। एजेंसी को पांच साल तक मेंटेनेंस करना होगा।

एजेंसी को लाइट लगाने के बाद 70 प्रतिशत भुगतान किया जाएगा। हर लाइट बीमित होगा और आरएमएस के माध्यम से कहीं से भी मॉनिटरिंग की जा सकती है। आरएमएस से पता चल जाएगा कि कहीं लाइट जल रही है कि नहीं। यह सोलर स्ट्रीट लाइट होगी। बुधवार को भागलपुर स्थित परिसदन में मंत्री ने पत्रकारों से कहा कि पंचायत चुनाव सम्पन्न होने के बाद नाली, गली और जलापूर्ति योजना का सर्वे कराया जाएगा। अगर कहीं काम छूट गया है तो उसे पूरा किया जाएगा। अभी तक एक करोड़ 20 लाख घरों में पानी पहुंच रहा है। सभी घरों में पानी पहुंचाने की सरकार की योजना है।

मतदाता सूची से मिलानकर सभी परिवारों को चिह्नित किया जाएगा। बचे 40 लाख घरों में जल्द ही जलापूर्ति की व्यवस्था की जाएगी। जलापूर्ति योजना का मेंटेनेंस पॉलिसी बनाया गई है। वार्ड सदस्य को 2500 रुपये मानदेय दिया जाएगा। जलापूर्ति योजना की देखरेख वार्ड सदस्य करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *