प्रदेश के जंगलों में टाइगर की गिनती शुरू, चार चरणों में होगी गणना

भोपाल
प्रदेश के जंगलों में आज से टाइगर्स की गिनती शुरु हो गई है। गणना चार चरणों में होगी। आज से पैदल गणना में बीट गार्ड ट्रांजिट लाइन के दोनों तरफ पैदल चलेंगे। यह क्रम अगले सात दिनों तक चलेगा। पहले तीन दिन तक मांसाहारी जानवर, उनकी विष्टा, पद चिन्ह, पेड़ों पर उनके नाखूनों के निशान देखेंगे। अगले तीन दिनों तक शाकाहारी जानवरों, उनके पदचिन्ह, जंगल में पाए जाने वाले घास का आंकलन करेंगे। वन विभाग का अमला बीते कई महीनों से इसकी तैयारी कर रहा था।

यह पहला मौका है जब गणना पूरी तरह से पेपरलेस हो रही है। कागज के स्थान पर एम स्ट्राइब मोबाइल एप का इस्तेमाल किया जा रहा है। गणना की कार्रवाई 2022 के पूर्व पूरी हो जाएगी। बाघ विचरण क्षेत्रों से संकलित जानकारी देहरादून पहुंचने के बाद डाटा का वैज्ञानिक तरीके से परीक्षण किया जाता है। जिसके बाद ही सही गणना के आंकड़े जारी किए जाएंगे।

गौरतलब है कि इसके पहले 2018 में देशभर में बाघों की काउंटिंग की गई थी जिसमें मध्यप्रदेश सबसे ज्यादों बाघों की संख्या के साथ अव्वल रहा था। वन विभाग के अधिकारी इस बार भी यह उम्मीद जता रहे हैं कि टाइगर स्टेट का दर्जा इस बार भी एमपी को ही मिलेगा।  इस उपलब्धि में बांधवगढ का विशेष योगदान था। वर्ष 2018 में बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व मे कुल 124 वयस्क बाघ पाए गए थे। जिन्हें मिला कर प्रदेश का आंकड़ा 526 हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *