BJP पर ओमप्रकाश राजभर ने लगाया बड़ा आरोप, कहा- ‘करा सकती है मेरी हत्या

वाराणसी
2022 में उत्तर प्रदेश के अंदर विधानसभा चुनाव होने है, लेकिन चुनावों से पहले आरोप प्रत्यारोप की राजनीति शुरू हो गई है। इसी क्रम में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए बड़ा आरोप लगाया है। राजभर ने कहा कि भाजपा मेरी हत्या करा सकती है। इतना ही नहीं, वो मुझे किसी भी झूठे मुकदमों में फंसाकर जेल भेज सकते है।
सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने यह बात वाराणसी के मुनारी का मैदान में आयोजित भागीदारी संकल्प मोर्चा में शामिल भागीदारी पार्टी (पी) द्वारा आयोजित वंचित, पिछड़ा, दलित,अल्पसंख्यक महापंचायत को संबोधित करते हुए कही। इस दौरान ओम प्रकाश राजभर ने जिन्ना की वकालत भी की। राजभर ने कहा कि देश की आजादी में जिन्ना का बड़ा योगदान है।

कहा कि कहीं कुछ नहीं है केवल बीजेपी वालों का दर्द है। वहीं जब मीडिया द्वारा उनसे पूछा गया कि, क्या जिन्ना का नाम लेना जायज है? इस पर ओमप्रकाश राजभर ने सीधे-सीधे कहा, 'देश की आजादी में जिन्ना का बड़ा योगदान है। बाल गंगाधर तिलक को जब फांसी की सजा हुई तो उनके खिलाफ मुकदमा किसने लड़ा था जिन्ना ने लड़ा था।'

 इतना ही नहीं, राजभर ने कहा कि अगर जिन्ना को देश का पीएम बना देते तो देश का बंटवारा नहीं होता। राजभर ने आगे यहां तक कह डाला कि जिन्ना ने देश का बंटवारा नहीं कराया बल्कि देश का बंटवारा आरएसएस और विश्व हिंदू परिषद ने कराया है। भाजपा हमेशा धर्म की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि सिलेंडर एक हजार के पार कर दिया। महंगाई की बात कीजिए तो कहते हैं आप पाकिस्तानी हो। जातिवार जनगणना की बात करो तो ये धर्म की बात करते हैं। ये सिर्फ समाज का ध्यान धर्म में भटकाते हैं।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *