राजस्थान में 116 रुपये तो UP में 95 रुपये में बिक रहा पेट्रोल

नई दिल्ली
 पेट्रोल और डीजल की कीमतों में आज फिर कोई बदलाव नहीं किया गया है। लेकिन इसके बावजूद भी राजस्थान के श्रीगंगानगर में पेट्रोल 116.34 रुपये में बिक रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के लखनऊ में लोगों को एक लीटर पेट्रोल के लिए 95.28 रुपये के लिए भुगतान करना पड़ रहा है। इस अंतर की वजह राज्य दर राज्य वैट की अलग-अलग दरें होना है।

इंडियन ऑयल कार्पोरेशन लिमिटेड की वेबसाइट के अनुसार दिल्ली में पेट्रोल का दाम 103.97 रुपये लीटर जबकि डीजल का दाम 86.67 रुपये प्रति लीटर है। मुंबई में पेट्रोल की कीमत 109.98 और डीजल की कीमत 94.14 रुपये प्रति लीटर है। कोलकाता में पेट्रोल का दाम 104.67 व डीजल 89.79 रुपये लीटर है। वहीं चेन्नई में भी पेट्रोल 101.40 रुपये लीटर है तो डीजल 91.43 रुपये लीटर है।

पंजाब में पेट्रोल पर वैट 11.27 रुपये प्रति लीटर कम हुआ है। वहीं उत्तर प्रदेश में इसमें 6.96 रुपये प्रति लीटर की कटौती हुई है। गुजरात में पेट्रोल पर वैट 6.82 रुपये प्रति लीटर घटाया गया है। वहीं ओडिशा ने बिक्रीकर में 4.55 रुपये प्रति लीटर और बिहार ने 3.21 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। लद्दाख में डीजल कीमतों में सबसे अधिक कमी आई है। लद्दाख में डीजल पर 10 रुपये प्रति लीटर की उत्पाद शुल्क की कटौती के अलावा वैट में भी 9.52 रुपये प्रति लीटर की कमी की गई है। कर्नाटक ने डीजल पर वैट 9.30 रुपये तथा पुडुचेरी ने 9.02 रुपये प्रति लीटर घटाया है।

पंजाब ने डीजल पर वैट 6.77 रुपये कम किया है जबकि उत्तर प्रदेश ने इसमें 2.04 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।उत्तराखंड ने डीजल पर वैट 2.04 रुपये और हरियाणा ने भी 2.04 रुपये प्रति लीटर घटाया है। बिहार ने डीजल पर वैट 3.91 रुपये और ओडिशा ने 5.69 रुपये प्रति लीटर घटाया है। मध्य प्रदेश ने डीजल पर कर में 6.96 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।

हर सुबह होती तय होती हैं कीमतें

दरअसल विदेशी मुद्रा दरों के साथ अंतरराष्ट्रीय बाजार में क्रूड की कीमत के आधार पर रोज पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बदलाव होता है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज़ाना पेट्रोल और डीजल के रेट तय करती हैं। इंडियन ऑयल , भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम रोज़ाना सुबह 6 बजे पेट्रोल और डीजल की दरों में संशोधन कर जारी करती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *