राहुल गांधी को बीजेपी सांसद ने भेजी भागवत गीता, कहा- इससे हिंदुत्व को समझें, छूटेगी झूठ बोलने की आदत

पटना
बिहार भाजपा अध्यक्ष और सांसद डॉ. संजय जायसवाल ने रविवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भागवत गीता भेजी। प्रेस कांफ्रेंस में उन्होंने कहा कि मैं राहुल गांधी को गीता की प्रति भेंट कर रहा हूं, जिससे वो हिंदुत्व और हिंदू धर्म को सीख सकें। जो अपने आप को हिंदू कहता है हम उसे हिंदू मानते हैं, भले ही उनके माता-पिता पारसी हों या इसाई हों। बीजेपी सांसद ने कहा कि मैं राहुल गांधी को भागवत गीता इसलिए दे रहा हूं ताकि उन्हें कुछ ज्ञान आ जाए। सांसद ने कहा कि कभी-कभी झूठ और दुष्प्रचार में आकंठ डूबे लोगों को सत्य का ज्ञान देना जरूरी हो जाता है। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस जिस तरह से हिंदुत्व पर हमले कर रही है, वैसी परिस्थिति में उन्हें हिंदुत्व का ज्ञान देना जरूरी है। हम जानते हैं कि राहुल जी देश के सबसे बड़े कंफ्यूज नेता हैं, इसीलिए इतने दिनों तक देश में राजनीति करने और मंदिर-मंदिर घूमने के बावजूद उन्हें हिंदुत्व का रत्ती भर भी ज्ञान नहीं हो पाया। उनका यह कंफ्यूजन दूर हो और उनकी झूठ व दुष्प्रचार की आदत छूटे, इसीलिए हम आज उन्हें गीता की प्रति भेंट स्वरूप पोस्ट कर रहे हैं।

राहुल गांधी के हिंदुत्व को लेकर दिए बयान को कांग्रेस नेता की अपरिपक्वता और कमजोर ज्ञान का प्रत्यक्ष प्रमाण बताते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि हिंदू धर्म का विरोध शुरुआत से ही कांग्रेस के डीएनए में रहा है। महज 24 घंटे के भीतर कांग्रेस के तीन कद्दावर नेताओं द्वारा हिंदू समाज को अपशब्द कहना, उनकी इसी घृणित सोच का हिस्सा है। हमने पहले ही कहा था कि हिंदुओं के खिलाफ यह जहरीली बयानबाजी सीधे गांधी परिवार के हुक्म से हो रही है, जिसे राहुल गांधी ने बयान देकर सच साबित कर दिया है। जायसवाल ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब राहुल ने हिंदू धर्म की गरिमा गिराने का प्रयास किया हो। इससे पहले दिसंबर, 2010 में विकीलीक्स ने राहुल गांधी की अमेरिकी राजदूत टिमोथी रोमर से 20 जुलाई, 2009 को हुई बातचीत का एक खुलासा किया था, जिसमें राहुल गांधी ने तत्कालीन अमेरिकी राजदूत से कहा था कि भारत को आतंकियों से अधिक खतरा देश के हिंदुओं से है। उन्होंने जर्मनी में हिंदू संस्कृति का अपमान किया था और कहा था कि भारत में महिलाओं के खिलाफ जो अत्याचार होते हैं, उसकी वजह भारतीय संस्कृति है। इससे पहले उन्होंने शनिवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष को गीता की प्रति भेंट करने का ऐलान किया था। अपने फेसबुक पेज पर उन्होंने लिखा कि कल मैं माननीय राहुल गांधी को भागवत गीता भेज रहा हूं, क्योंकि वह विश्व के एकमात्र हिंदू हैं, जो बिना उपनयन संस्कार के भी जनेऊधारी हैं और चुनाव के मौसम में मंदिरों का भ्रमण भी करते हैं। कहा, हम हर उस व्यक्ति को हिंदू मानते हैं जो कहता है कि वह हिंदू है।
 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *