आदिवासियों के साथ झूमे CM शिवराज, जनजातीय कला के लिए राजा संग्राम शाह पुरस्कार का ऐलान

भोपाल
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में जनजातीय कला और संस्कृति को बढ़ावा देने के काम में सरकार पूरा सहयोग करेगी। जनजातीय संग्रहालय इसके लिए काम कर रहा है। इसके साथ ही सरकार ने तय किया है कि जो भी कलाकार जनजातीय कला और संस्कृति में अव्वल होंगे उन्हें हर साल पांच लाख रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। यह पुरस्कार राजा संग्राम शाह के नाम पर दिया जाएगा।

राजधानी के जनजातीय संग्रहालय में जनजातीय रणबांकुरे चित्र वीथिका के लोकार्पण और संवाद समारोह में सीएम चौहान ने ये ऐलान किया है। उन्होंने करीब सात सौ कलाकारों की टीम को संबोधित करते हुए कहा कि जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में जनजातीय कलाकार सरकार के अतिथि हैं। भोपाल और पूरा प्रदेश इस समय जनजातीय रंगों में रंगा है। भाजपा की सरकार जनजातीय परिवारों की जिन्दगी बदलने का अभियान चला रही है। सभी को प्रदेश के विकास में बराबर का भागीदार बनाया जाएगा।

उन्होंने जनजातीय समाज के रणबांकुरों का जिक्र अपने संबोधन में करते हुए उनकी गौरव गाथा का बखान भी किया। इस मौके पर रानी कमलापति के जल जौहर का जिक्र भी उन्होंने किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि कल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जनजातीय गौरव दिवस पर जनजातीय समाज के हित में अनेक योजनाओं की शुरुआत करने वाले हैं। इसके बाद समाज के विकास में तेजी आएगी।

जनजातीय कला पर आधारित कार्यक्रम में सीएम शिवराज संग्रहालय में आयोजित कार्यक्रम में कलाकारों के साथ जनजातीय नृत्य में झूमे और नाचे। इस दौरान गोंड, भील, बैगा, सहरिया समेत अलग अलग जनजातीय समाज के कलाकारों के बीच पहुंचकर उनके पारंपरिक नृत्य और वाद्य यंत्र बजाए और उनके कार्यक्रम में सहभागी बने।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *