दिल्ली में आज दो हजार से अधिक शादियां, कई इलाकों में लग सकता है ट्रैफिक जाम

नई दिल्ली
राजधानी में रविवार को देवोत्थान एकादशी के मौके पर अलग-अलग इलाकों में दो हजार से अधिक शादियां होंगी। एक महीने तक शादियों का सिलसिला ऐसे ही जारी रहेगा। इसके बाद दिसंबर में पौष महीने के शुरू होने पर एक महीने तक शादियों रुक जाएंगी।

अखिल भारतीय ज्योतिष परिषद् के राष्ट्रीय महासचिव आचार्य कृष्ण दत्त शर्मा ने बताया कि देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु चार माह की नींद के बाद जागते हैं। धार्मिक दृष्टिकोण से कई तरह की कहानियां प्रचलित हैं, जिसमें विष्णु भगवान ने आषाढ़ मास की शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को दैत्य शंखासुर नामक राक्षस को मारा था। इस युद्ध से वह बहुत अधिक थक गए थे।

उसके बाद वह कार्तिक शुक्ल एकादशी को जागे थे। सभी देवी-देवताओं द्वारा भगवान विष्णु का पूजन किया गया, इसलिए इस दिन उनकी पूजा का विशेष विधान है। इस दिन को देवोत्थान एकादशी के तौर पर मना जाता है। उन्होंने बताया कि देवोत्थान एकादशी से शादियों का सिलसिला शुरू होता है। इस दिन सबसे अधिक अनसूझी शादियां होती हैं। दिसंबर में पौष महीने के शुरू होने तक शादियां जारी रहेंगी। दिल्ली में रविवार को दो से ढाई हजार शादियां होंगी। इस दिन मंदिरों में तुलसी विवाह का आयोजन भी होता है।

जाम से बचने को घर से जल्दी निकलें
देवोत्थान एकादशी के मौके पर दिल्ली-एनसीआर में करीब पांच हजार शादियां होनी हैं। आज रविवार भी है। ऐसे में एनसीआर के इलाकों में जाम लगने की प्रबल संभावनाएं हैं। खासतौर पर उन इलाकों में जहां फार्म हाउस बने हैं, वहां ज्यादा दिक्कत हो सकती है। ऐसे में दिल्ली, गुरुग्राम, फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद की पुलिस ने लोगों को सलाह दी है कि वे घर से जल्दी निकलें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *