हिन्दू युवा मँच ने की पेट्रोल पंपों में पानी मिलाने की शिकायत
राजनांदगाँव
हिन्दू युवा मँच जिला इकाई ने शहर सहित जिलेभर के पेट्रोल पंपों में पानी मिलाए जाने की शिकायत कलेक्टर तारण प्रकाश सिन्हा से एक ज्ञापन के माध्यम से की है। हिन्दू युवा मँच ने ज्ञापन के माध्यम से प्रशासन स्तर पर भी मिलावट की शिकायत के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी करने की भी माँग की है। संबंधित विभाग पर नियमित तौर पर जाँच न करने के कारण मिलावटखोरी को बढ़ावा मिलने का भी आरोप लगाया है और नियमित तौर पर जाँच कर विभाग को अपनी जिम्मेदारी निभाने कहा है।
उक्ताशय की जानकारी देते हुए हिन्दू युवा मँच के जिलाध्यक्ष किशोर माहेश्वरी ने बताया कि, कुछ पेट्रोल पम्पो को अगर छोड़ दिया जाए तो शहर सहित जिले के सभी पेट्रोल पंपों में पेट्रोल और डीजल में पानी मिलाने की शिकायत लगातार देखने और सुनने को मिल रही है। सभी पेट्रोल पंपों से पेट्रोल और डीजल के सैम्पल लिए जाए और उनकी जाँच की जाए तो हमारे इस कथन की पुष्टि हो जाएगी। सालों पहले लोकप्रिय उक्ति दूध का दूध और पानी का पानी। इस उक्ति को बदलकर अब पेट्रोल का पेट्रोल और पानी का पानी यह उक्ति चरितार्थ होने लगी है। एक तो पेट्रोल वैसे ही इतना महँगा हो गया है उसके बाद अब मिलावटखोरी की मार आम आदमी कहाँ तक सहे। पहले लोग पेट्रोल पंपों में की जा रही काँटेमारी से परेशान थे, फिर पेट्रोल पम्मी पेट्रोल में केरोसिन तेल की मिलावट से परेशान थे और अब तो इन्होंने पेट्रोल चोरी करने का एक नया ही खेल शुरू कर दिया है।
पेट्रोल में पानी पम्पों में मिलाए जा रहे हैं अथवा संग्रहण प्लांटों या ट्रांसपोर्टेशन के दौरान मिलाए जाते हैं इसकी भी कड़ी निगरानी कर उसकी जाँच होनी चाहिए। तत्सम्बन्ध इनकी एजेंसियों और कंपनियों को भी इस स्थिति से अवगत कराया जाना चाहिए। ताकि पेट्रोल पंपों में पानी की मिलावट की चोरी रोकी जा सके। बड़ा सवाल यह भी है कि, पेट्रोल पंपों में पानी मिलाने की शिकायतों को लेकर किसके पास जाएं कौन इसकी फरियाद सुनेगा इसे लेकर भी पशोपेश की स्थिति है। पेट्रोल पम्पो में पानी मिलाने की शिकायत अथवा गुणवत्ता की जाँच के लिए जिला स्तर पर एक टोल फ्री शिकायत नम्बर जारी होना चाहिए। ताकि पेट्रोल पम्पो पर लगातार हो रही चोरी पर अंकुश लगाकर उस पर लगाम कसी जा सके।
