किसानों के लिए अच्छी खबर, यहां से लें फ्री अच्छी क्वालिटी के बीज किट
लखीमपुर खीरी
किसानों के लिए अच्छी खबर है। चीनी का कटोरा कहे जाने वाले खीरी तिलहनी और दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को फ्री में बीज किट दिया जा रहा है। एक हेक्टेयर में बुवाई के लिए यह किट दिया जा रहा है। इससे जिले में तिलहनी व दलहनी फसलों का उत्पादन बढ़ेगा। इससे किसानों को भी लाभ होगा। खास बात यह है छोटे किसानों की सुविधा के लिए कृषि यंत्र भी किसानों के बाजार से कम रेट पर किराए से उपलब्ध कराए जा रहे हैं। किसान अपने निकट के राजकीय बीज भंडार पर जाकर अच्छी क्वालिटी के बीज किट निशुल्क प्राप्त कर सकते हैं।
उपकृषि निदेशक वाईपी सिंह ने बताया कि रबी वर्ष में 18543 हेक्टेयर भूमि पर दलहनी और 66342 हेक्टेयर भूमि पर तिलहनी फसलों की बोआई का लक्ष्य है। कृषि विभाग किसानों को राई/सरसों और मसूर का निशुल्क मिनी किट दे रहा है। उन्होंने बताया कि कृषि विभाग के राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा मिशन दलहन व तिलहन योजना के तहत मिनी किट का वितरण किया जा रहा है। किसान राई/सरसों दो किलोग्राम बीज का मिनी किट राजकीय कृषि बीज भंडार से प्राप्त कर सकते हैं। यह किट एक एकड़ के लिए है। उन्होंने बताया कि दलहनी फसलों की देखभाल व उत्पादन कम होने के कारण किसानों को लाभकारी मूल्य नहीं मिलता है। इसको ध्यान में रखते हुए उन्नतशील अधिक उत्पादन वाली प्रजातियों के किट किसानों को दिए जा रहे हैं।
