43 डिग्री की तपिश और गर्म हवाएं, इस हफ्ते जारी रहेगा कहर, जानें मौसम विभाग ने क्‍या की भविष्‍यवाणी

 लखनऊ
झुलसाती तेज धूप और गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच इस सीजन अप्रैल में दूसरी बार तापमान 43 डिग्री पार हो गया। यह सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। बुधवार न्यूनतम पारा 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यह भी सामान्य से दो डिग्री अधिक था। दोपहर के वक्त बर्दाश्त के बाहर हो रही धूप से बचने को दोपहिया सवार मेट्रो पुल के नीचे छांव में चलते दिखे तो दो बजे तक सड़कों पर भीषण गर्मी के चलते आवाजाही भी घट चुकी थी। मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल गर्मी का कहर जारी रहेगा। गुरुवार को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम पारा 44 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

सप्ताहांत में बदल सकता है मौसम
सप्ताहांत तक थोड़ी राहत मिलती दिख रही है। मौसम विभाग के निदेशक जेपी गुप्ता के अनुसार देश के उत्तर पश्चिम के ऊपर हल्का दबाव का क्षेत्र बन रहा है। इसके असर से 29 से 30 अप्रैल के बीच पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत लखनऊ तक मौसम में थोड़ा बदलाव आ सकता है। कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हवाओं के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।

बुधवार शहर में ऐसी रही पारे की चाल
सुबह 8 बजे 30 डिग्री सेल्सियस
सुबह 10 बजे 34 डिग्री सेल्सियस
दोपहर 1 बजे 42 डिग्री सेल्सियस
दोपहर 3 बजे 43 डिग्री सेल्सियस
शाम 4 बजे 42 डिग्री सेल्सियस
शाम 7 बजे 37 डिग्री सेल्सियस

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *