भोपालवासियों का अंतरर्राष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का सपना जल्द हो सकता है पूरा
भोपाल
भोपालवासियों का अंतरर्राष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम का सपना अब पूरा होते दिख रहा है। बीते दिनों मप्र क्रिकेट एसोसिएशन इंदौर की टीम भोपाल आई थी। उन्होंने स्टेडियम के लिए आरक्षित जमीन की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई है। साथ ही टीम ने ड्रोन सर्वे कराकर ग्राउंड का लेविल भी देखा है। टीम ने बरखेड़ा नाथू के पास प्रस्तावित करीब 50 एकड़ जगह का निरीक्षण किया। साथ ही इसके निर्माण को लेकर अफसरों से चर्चा की। करीब 10 साल बाद डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) ही बनाने का काम शुरू हो गया है। गौरतलब है कि छह साल पहले शासन ने बरखेड़ा नाथू के पास क्रिकेट स्टेडियम के लिए 20.42 हेक्टेयर यानी 50 एकड़ (खसरा क्रमांक 530 और 531) जमीन आवंटित कर दी थी।
ऐसा बनना है स्टेडियम
प्रस्तावित स्टेडियम 70 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था होगी। यहां पर आने वाले लोगों के ठहरने के लिए फाइव स्टार होटल बनेगा। मैदान के आसपास इलाके को टूरिज्म के हिसाब से विकसित किया जाएगा, ताकि यहां पर ज्यादा से ज्यादा पर्यटकों आ सके। अफसरों का दावा है कि प्रदेश के इंदौर और ग्वालियर में अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम हैं, लेकिन भोपाल में हमेशा इसकी कमी खलती रही है। करीब 100 करोड़ की लागत से स्टेडियम का निर्माण कराया जाएगा। प्रोजेक्ट रिपोर्ट बनने के बाद कैबिनेट की मंजूरी के बाद निर्माण कार्य के लिए टेंडर जारी किए जाएंगे।
सीएम ने की थी घोषणा
2011 में इंटरनेशनल क्रिकेट वर्ल्ड कप भारत ने जीता था। इस जीत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने टीम इंडिया को बधाई देते हुए घोषणा की थी भोपाल में भी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम बनाने की घोषणा की थी। इसके बाद से भोपाल में स्टेडियम बनाने की कवायद चल रही है, लेकिन 10 साल बाद डीपीआर तैयार होने का काम शुरु हो गया है। तीन साल पहले कांग्रेस सरकार में तत्कालीन मंत्री खेल एवं युवा मंत्री जीतू पटवारी और जनसंपर्क मंत्री पीसी शर्मा ने प्रस्तावित स्टेडियम की जमीन का निरीक्षण कर संबंधित अफसरों को डीपीआर बनाने के निर्देश दिए थे।
विस में भी उठा मामला
23 फरवरी को विधानसभा सत्र में विधायक पीसी शर्मा ने इस संबंध में प्रश्न भी पूछा था। इसके जबाव में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने जानकारी दी थी कि प्रस्तावित खेल परिसर में किक्रेट स्टेडियम का निर्माण प्रस्तावित है, इसके लिए डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट (डीपीआर) बनाने का काम जारी है। स्टेडियम का निर्माण होने की समय-सीमा बताना संभव नहीं है।
