DAVVमें पहले सेमेस्टर की कक्षाएं 10 नवंबर से
इंदौर
देवी अहिल्या विश्वविद्यालय (डीएवीवी) के विभागों में प्रवेश को लेकर प्रक्रिया खत्म हो चुकी है। अब तक दाखिला ले चुके विद्यार्थियों की कक्षाएं लगाई जानी हैं। विभागों को जनवरी तक पाठ्यक्रम पूरा करना है जिससे फरवरी में पहले और तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा करवाई जा सके। यहां तक कि परिणाम भी फरवरी के अंतिम सप्ताह तक जारी करना है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एकेडमी कैलेंडर जारी कर दिया है। प्रत्येक विभागाध्यक्ष को समय पर शैक्षणिक गतिविधियों को पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
कामन एंट्रेंस टेस्ट (सीईटी) की काउंसिलिंग के जरिए विद्यार्थियों को 41 कोर्स में दाखिला दिया गया। छात्र-छात्राओं को पहले सेमेस्टर की फीस अगले कुछ दिनों में जमा करनी है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने एकेडमी कैलेंडर के मुताबिक पहले सेमेस्टर के विद्यार्थियों की कक्षाएं 10 नवंबर से शुरू होंगी। इस बीच शिक्षकों को 90 दिन में सिलेबस पूरा करना है। इस बीच दो आंतरिक परीक्षाएं भी करवाना जरूरी हैं। फिर विभागों को पहले सेमेस्टर की परीक्षाएं करवानी हैं। पंद्रह दिन में परिणाम भी जारी करना है ताकि अगले सेमेस्टर की पढ़ाई शुरू हो सके। पूरा सत्र जुलाई तक खत्म करना है।
