घोटाले सामने आ रहे हैं, इसलिए लोकायुक्त से घबरा रही कांग्रेसः विष्णुदत्त शर्मा
खंडवा
प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा है कि अब कांग्रेस के घोटाले उजागर हो रहे हैं, इसलिए कमलनाथ को लोकायुक्त से घबराहट हो रही है। वे लोकायुक्त को नकली बता रहे हैं। इससे जाहिर है कि उनके मन में डर है कि कहीं अब उनकी बारी न आ जाए। कांग्रेस ने 15 माह मध्यप्रदेश में कुछ विकास के कार्य तो किए नहीं, सिर्फ तबादला कारोबार चलाया औैर भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया। प्रदेश अध्यक्ष खंडवा लोकसभा के मूंदी में पत्रकारवार्ता को सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
भाजपा चुनाव को हल्के में नहीं लेती
प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि भाजपा चुनाव हो या उपचुनाव उसे हल्के में नहीं लेती हैं। हमारा पूरा संगठन चुनावी रणनीति में शामिल होता है। भाजपा बूथ से लेकर संगठन की मजबूती को लेकर काम करती है। हम बूथ को मजबूत करने के साथ आगे बढ़ते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता चुनावी में प्रत्याशी होता है औैर उस भावना के साथ वह चुनाव में कार्य करता है। भाजपा खंडवा लोकसभा चुनाव को भी हर बूथ पर जीतेगी।
कांग्रेस का दोहरा चरित्र सामने आया
प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि कांग्रेस का दोहरा चरित्र प्रदेश की जनता के सामने आ गया है। ये बोलते कुछ हैं औैर करते कुछ हैं। इन्होंने 2018 के विधानसभा चुनाव में किसानों से कर्जमाफी का वादा किया था, लेकिन आज तक उनकी कर्जमाफी नहीं हो सकी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि जब प्रदेश में कोरोना महामारी पैर पसार रही थी, तब ये इंदौर में आईफा अवार्ड की तैयारी में थे। इनके पास आईफा अवार्ड के लिए पैसा था, लेकिन उस समय यदि कोरोना महामारी पर काम करते तो यह भयावह स्थिति मध्यप्रदेश में नहीं होती। वह तो प्रदेश से इनकी सरकार चली गई औैर तभी श्री शिवराज सिंह चौहान ने मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला। मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद सबसे पहले उन्होंने कोरोना को लेकर बैठक बुलाई औैर उसके बाद स्थिति नियंत्रण में आई। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि लखनउ में जब पत्रकारों ने प्रियंका गांधी से उज्जैन के कांग्रेस विधायक के बेटे को लेकर प्रश्न किया तो वे टाल गईं। यही इनका चरित्र है। कमलनाथ अपने प्रत्याशी का नाम ही भूल जाते हैं तो दिग्विजय सिंह अब तक गायब हैं।
भाजपा का नारा सबका साथ-सबका विकास और सबका विश्वास है
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आज यदि किसी गरीब के घर में कोई बीमार हो जाए तो उसे चिंता नहीं होती है। प्रधानमंत्री ने गरीबों के लिए 5 लाख रूपए तक का इलाज आयुष्मान कार्ड के जरिए करने की व्यवस्था की है। भाजपा सरकार ने गरीबों के हितों के लिए कई योजनाएं बनाई हैं और इन योजनाओें से गरीबों का जीवन स्तर सुधर गया है। भाजपा का तो नारा ही है सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास। पत्रकार वार्ता के दौरान वन मंत्री श्री विजय शाह, प्रदेश महामंत्री सुश्री कविता पाटीदार, प्रदेश प्रवक्ता श्री राजपालसिंह सिसौदिया, जिलाध्यक्ष श्री सेवादास पटेल एवं विधायक श्री नारायण पटेल उपस्थित थे।
