उत्‍तराखंड और केरल में भारी बारिश की वजह से हालात काफी खराब

नई दिल्‍ली
मॉनसून गुजर चुका है मगर देश के कई हिस्‍सों में अब भी जोरदार बारिश हो रही है। उत्‍तराखंड और केरल में तो हालात बेहद खराब हो चले हैं। मध्‍य प्रदेश और दिल्‍ली समेत समूचे उत्‍तर भारत ने पिछले हफ्ते भर में अच्‍छी-खासी बारिश देखी। दिल्‍ली में तो 24 घंटों के भीतर बारिश का दशकों पुराना रेकॉर्ड टूट गया। वैज्ञानिकों के अनुसार, अक्‍टूबर के महीने में इतनी बारिश के पीछे कई फैक्‍टर्स काम कर रहे हैं। इनमें मॉनसून में देरी से लेकर कई जगहों पर निम्‍न दबाव के क्षेत्र बनना शामिल है।

अक्‍टूबर में इतनी बारिश?
अक्‍टूबर के महीने में इतनी बारिश असामान्‍य नहीं है। यह वो महीना है जब दक्षिण-पश्चिम मॉनसून विदा ले रहा होता है और उत्‍तर-पूर्वी मॉनसून की आमद हो रही होती है। पश्चिमी विक्षोभों की वजह से आमतौर पर बारिश और हिमपात होता है। पिछले हफ्ते से लद्दाख और उत्‍तराखंड के ऊंचे इलाकों में सीजन की पहली बर्फबारी हुई है।

पिछले हफ्ते, एक साथ निम्‍न दबाव के दो क्षेत्र सक्रिय थे। एक अरब सागर में और दूसरा बंगाल की खाड़ी में। इनकी वजह से केरल, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, दिल्‍ली, मध्‍य प्रदेश, उत्‍तराखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के मौसम में खासा बदलाव आया।

मॉनसून में देरी एक वजह
आमतौर पर चार महीने चलने वाला मॉनसून सीजन अक्‍टूबर के पहले हफ्ते तक पूरी तरह चला जाता है। इस वक्‍त यह गरज-बरज के साथ कुछ-कुछ जगहों पर भारी बारिश कराता है। हालांकि इस साल मॉनसून की विदाई 6 अक्‍टूबर से शुरू हुई तो सामान्‍य से करीब 18 दिन लेट है। अब तक पश्चिमी, उत्‍तरी, मध्‍य और पूर्वी भारत से मॉनसून जा चुका है मगर दक्षिणी प्रायद्वीप में सक्रिय है।

यही वजह है कि केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में पिछले 10 दिन में काफी बारिश हुई है। सोमवार तक मॉनसून ने मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्‍सों और ओडिशा व पूरे दक्षिणी प्रायद्वीपीय भारत से नहीं गया था। इस साल उत्‍तर-पूर्वी मॉनसून के लिए अनुकूल परिस्थितियां 25 अक्‍टूबर के आसपास विकसित होने की संभावना है।

झमाझम बारिश ने तोड़े रेकॉर्ड्स
पिछले हफ्ते ज्‍यादातर दिन निम्‍न दबाव के दो क्षेत्रों के सक्रिय रहने से देश के बड़े हिस्‍से में जमकर बारिश हुई। दिल्‍ली में रविवार और सोमवार के बीच (24 घंटे में) 87.9 मिलीमीटर बारिश हुई। यह 1901 के बाद अक्‍टूबर का चौथा सबसे भीगा दिन साबित हुआ। अक्‍टूबर का महीना भी अब तक का चौथा सबसे गीला महीना साबित हुआ है। अब तक इस महीने 94.6 mm बारिश हुई है। ओडिशा के बालासोर में एक दिन के भीतर 210 mm बारिश हुई। इस दशक में ऐसा बस दूसरी बार हुआ। तमिलनाडु के कोयंबटूर में भी 10 साल का अक्‍टूबर का सबसे भीगा दिन दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *